गंभीर टिटनेस से जूझ रहे 15 वर्षीय बच्चे को पीआईएमएस में मिला नया जीवन
Share
करीब एक माह पीआईसीयू में रहा भर्ती, 22 दिन वेंटिलेटर पर रहने के बाद स्वस्थ होकर डिस्चार्ज
उदयपुर, 20 अगस्त: पैसिफिक इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (पीआईएमएस), उदयपुर के चिकित्सकों ने गंभीर टिटनेस से पीड़ित 15 वर्षीय बच्चे का सफल उपचार कर उसे नया जीवन दिया। गंभीर हालत में भर्ती बच्चे को करीब एक माह तक पीडियाट्रिक इंटेंसिव केयर यूनिट (पीआईसीयू) में रखा गया। इस दौरान लगभग 22 दिन तक वेंटिलेटर सपोर्ट की आवश्यकता पड़ी। उपचार के बाद बच्चा पूरी तरह स्वस्थ होकर अस्पताल से डिस्चार्ज हुआ।
बाल रोग विभाग की टीम ने डॉ. विवेक पराशर के नेतृत्व में उपचार किया। टीम में डॉ. राहुल खत्री, डॉ. मनोज जोशी, डॉ. स्वामी, डॉ. जया और रेजीडेंट निजाम शामिल रहे। एनेस्थीसिया विभाग के डॉ. अमित जांगिड़ तथा ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. विक्रम राठौड़ ने भी उपचार में सहयोग दिया।
चिकित्सकों के अनुसार टिटनेस Clostridium tetani जीवाणु के विष से होने वाली गंभीर बीमारी है। दूषित वस्तु से कटने या चोट लगने पर संक्रमण हो सकता है। इसमें मांसपेशियों में ऐंठन और अकड़न के साथ सांस लेने में भी परेशानी हो सकती है।
पीआईएमएस के चेयरमैन आशीष अग्रवाल ने कहा कि बच्चे की रिकवरी आधुनिक पीआईसीयू, सुरक्षित वेंटिलेटर प्रबंधन और विशेषज्ञों के समन्वित प्रयास का परिणाम है। चिकित्सकों ने टिटनेस से बचाव के लिए समय पर टीकाकरण और बूस्टर डोज को जरूरी बताया।

