LOADING

Type to search

संभाग की महत्वपूर्ण संक्षिप्त खबरें

Rajasthan

संभाग की महत्वपूर्ण संक्षिप्त खबरें

Share

गेहूं की हेराफेरी में 7 राशन डीलर निलंबित
गोदाम में 475.78 क्विंटल गेहूं कम मिला, राशि वसूली जाएगी
उदयपुर, 25 अगस्त:
जिला रसद विभाग प्रथम ने गेहूं की हेराफेरी के मामले में देबारी और लकड़वास लैम्पस से जुड़े सात राशन डीलरों के लाइसेंस सस्पेंड किए हैं। शिकायत पर प्रवर्तन अधिकारी निशा मूंदड़ा ने मौके पर पहुंचकर स्टॉक रजिस्टर और रिकॉर्ड जांचे। गोदाम में भौतिक सत्यापन के दौरान 475.78 क्विंटल गेहूं कम मिला। दोनों लैम्पस के व्यवस्थापक मांगीलाल व्यास से कमी का कारण पूछा गया, लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिला। जांच रिपोर्ट में अनियमितता सामने आने पर जिला रसद अधिकारी ने लाइसेंस निलंबित कर दिए। प्रतापनगर थाने में शिकायत भी दी गई है। देबारी, भैंसड़ाकला, भैंसड़ाखुर्द, भल्लों का गुड़ा, चांसदा, झामर कोटड़ा और लकड़वास सेंटर शामिल हैं। विभाग हेराफेरी की राशि वसूलने के साथ पुलिस कार्रवाई करेगा। लाइसेंस सस्पेंड होने के बाद उपभोक्ताओं को राशन वितरण के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है।

उदयपुर-खजुराहो ट्रेन में बढ़ा स्लीपर कोच

1 सितंबर से सुविधा, अब कुल 22 डिब्बे होंगे
चित्तौड़गढ़, 25 अगस्त:
उदयपुर सिटी-खजुराहो एक्सप्रेस में रेलवे एक अतिरिक्त स्लीपर कोच स्थायी रूप से जोड़ रहा है। इससे चित्तौड़गढ़ सहित राजस्थान, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश जाने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार ट्रेन संख्या 19666/19665 में अतिरिक्त द्वितीय शयनयान कोच जोड़ा जाएगा। उदयपुर से चलने वाली ट्रेन में यह सुविधा 1 सितंबर और खजुराहो से चलने वाली ट्रेन में 3 सितंबर से लागू होगी। यात्रियों की बढ़ती संख्या के कारण स्लीपर में वेटिंग बढ़ रही थी। नया कोच लगने से कन्फर्म टिकट मिलने की संभावना बढ़ेगी। अतिरिक्त कोच के बाद ट्रेन में कुल 22 डिब्बे होंगे। इनमें एक फर्स्ट एसी, दो सेकंड एसी, पांच थर्ड एसी, दो थर्ड एसी इकोनॉमी, छह स्लीपर, चार सामान्य श्रेणी, एक पावर कार और एक गार्ड कोच शामिल रहेंगे।

अंडरपास नहीं बना तो चुनाव बहिष्कार

नाथद्वारा के वार्ड 39-40 के लोगों ने लिया फैसला
राजसमंद, 25 अगस्त :
नाथद्वारा के लालबाग हाईवे पर अंडरपास ब्रिज निर्माण की मांग को लेकर वार्ड 39 और 40 के लोगों में आक्रोश बढ़ गया है। लालबाग संघर्ष समिति की बैठक में वार्डवासियों ने निर्माण शुरू नहीं होने तक आगामी नगरपालिका चुनाव के बहिष्कार का सर्वसम्मत निर्णय लिया। समिति ने कहा कि लालबाग चौराहा व्यस्त मार्ग है, जहां आसपास के गांवों से आवागमन होता है और दुर्घटना का खतरा बना रहता है। पूर्व में गंभीर हादसे भी हो चुके हैं। वर्तमान में हाईवे पर एक तरफ ब्रिज बना है, जबकि दूसरी तरफ अंडरपास की जरूरत है। वार्डवासियों के अनुसार पिछले दो वर्षों में विधायक, सांसद, उपमुख्यमंत्री और प्रशासन को कई बार ज्ञापन दिए गए। हर बार जल्द काम शुरू कराने का आश्वासन मिला, लेकिन निर्माण शुरू नहीं हुआ। समिति ने कहा कि काम शुरू होने तक चुनाव का बहिष्कार किया जाएगा।

आसपुर बीडीओ हटाने की मांग, सरपंचों का प्रदर्शन

पंचायतों की आईडी बंद, भुगतान और विकास कार्य प्रभावित होने का आरोप
डूंगरपुर, 25 अगस्त: आसपुर पंचायत समिति के सरपंचों ने विकास अधिकारी की कार्यशैली के विरोध में कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। सरपंच संघ अध्यक्ष प्रकाश मीणा ने आरोप लगाया कि अधिकांश पंचायतों की आईडी बंद पड़ी हैं। कभी किसी पंचायत की आईडी चालू तो दूसरी बंद होने से ऑनलाइन कामकाज प्रभावित है। उन्होंने बताया कि विकास अधिकारी द्वारा एक ही दिन पंचायतों के वीडीओ के दो-दो तबादला आदेश जारी किए जा रहे हैं, जिससे भ्रम की स्थिति बन रही है। सरकारी शिविरों में संबंधित अधिकारी उपस्थित नहीं होने से ग्रामीणों को परेशानी हो रही है। सरपंचों के अनुसार नए कार्यों को स्वीकृति नहीं मिल रही और 10 हजार रुपए से अधिक का भुगतान भी नहीं हो पा रहा। इससे विकास कार्य ठप हैं। सरपंच संघ ने कलेक्टर को ज्ञापन देकर वर्तमान विकास अधिकारी को हटाकर नया अधिकारी नियुक्त करने की मांग की।

जर्जर स्कूल भवन, 342 बच्चे बरामदे में पढ़ने को मजबूर

चुंडावाड़ा के ग्रामीणों ने कलेक्ट्रेट घेरा, नए भवन की मांग
डूंगरपुर, 25 अगस्त:
ग्राम पंचायत चुंडावाड़ा के राजकीय महात्मा गांधी विद्यालय का भवन जर्जर होने से बच्चों की सुरक्षा पर खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों ने कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन कर जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा और नया भवन या अतिरिक्त कक्षा-कक्ष स्वीकृत करने की मांग की। ग्रामीणों के अनुसार लोक निर्माण विभाग की जुलाई 2025 की जांच में 13 में से आठ कक्षा-कक्ष पूरी तरह जर्जर घोषित किए गए थे, जबकि तीन कमरे मरम्मत योग्य बताए गए। आठ कमरों में विद्यार्थियों का प्रवेश बंद है। वर्तमान सत्र में नर्सरी से आठवीं तक 342 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। केवल दो सुरक्षित कमरों के कारण एक कक्ष में दो-तीन कक्षाओं के बच्चों को बैठाना पड़ रहा है, जबकि कई बच्चे बरामदे में पढ़ते हैं। ग्रामीणों ने राजीविका के अधीन सीआरसी भवन खाली कराकर स्कूल को देने की भी मांग की है।

आवारा कुत्ते ने तीन बच्चों को नोचा

डेढ़ साल के बच्चे का गाल फाड़ा, बच्ची के सिर की चमड़ी उधड़ी
बांसवाड़ा, 25 अगस्त:
कुशलगढ़ क्षेत्र के पाटड़ी मोहकमपुरा गांव में मंगलवार सुबह करीब 8:30 बजे आवारा कुत्ते ने घर के बाहर खेल रहे तीन बच्चों पर हमला कर दिया। डेढ़ साल के बलवन के गाल पर कुत्ते ने काट लिया। आंख और कान के पास भी चोट आई। बच्चे के रोने की आवाज सुनकर परिजन पहुंचे और कुत्ते को भगाया। इसके बाद कुत्ते ने पड़ोसी राकेश की तीन साल की बेटी केला पर हमला किया, जिससे उसके सिर की चमड़ी उधड़ गई। वहीं दीपेश के एक साल के बेटे रविराज की छाती पर पंजे मारे। परिजन तीनों बच्चों को कुशलगढ़ अस्पताल लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति को देखते हुए दोपहर करीब 12:15 बजे बांसवाड़ा के महात्मा गांधी अस्पताल रेफर किया गया। तीनों बच्चों का उपचार चल रहा है। घटना से गांव में दहशत का माहौल है।

बेटे ने मां के सिर में कुल्हाड़ी मारी

टांके आए, हालत गंभीर होने पर उदयपुर रेफर
बांसवाड़ा, 25 अगस्त:
सदर थाना क्षेत्र के सामरिया गांव में शराब के नशे में बेटे ने अपनी मां के सिर में कुल्हाड़ी मार दी। वार से महिला का सिर फट गया। परिजनों के अनुसार तुलसी पत्नी केसरीमल पर सोमवार रात बेटे ने अचानक हमला किया। चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और 108 एंबुलेंस को सूचना दी। एंबुलेंस समय पर नहीं पहुंची तो परिजन महिला को निजी वाहन से महात्मा गांधी अस्पताल ले गए। डॉक्टरों ने सिर पर गहरी चोट के कारण 15 टांके लगाए। हालत गंभीर होने पर सोमवार-मंगलवार की मध्यरात्रि करीब 2 बजे महिला को बेहतर उपचार के लिए उदयपुर रेफर कर दिया गया। सदर थानाधिकारी रूप सिंह ने बताया कि घटना के संबंध में अभी थाने में रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई है। रिपोर्ट मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

वार्ड 31 से माकपा की मुस्कान राही उम्मीदवार

सभा में सर्वसम्मति से नाम की मांग, पार्टी ने की घोषणा
उदयपुर, 25 अगस्त:
नगर निगम चुनाव में वार्ड 31 से माकपा ने मुस्कान राही को उम्मीदवार घोषित किया है। गोसिया कॉलोनी में हुई सभा में स्थानीय नागरिकों ने पढ़ी-लिखी युवा छात्रा राही को उम्मीदवार बनाने की सर्वसम्मति से मांग रखी। माकपा जिला सचिव एवं पूर्व पार्षद राजेश सिंघवी ने उनकी उम्मीदवारी की घोषणा की। सभा में कच्ची बस्ती फेडरेशन की वरिष्ठ कार्यकर्ता मुन्नी आपा ने कहा कि लाल झंडे ने गरीबों को जमीन और छत दिलाने के संघर्ष में साथ दिया है। सिंघवी ने भाजपा और कांग्रेस पर कच्ची बस्ती विरोधी नीतियां अपनाने का आरोप लगाया और पट्टों का मुद्दा उठाया। रशीदा खान ने भी राही को समर्थन दिया। मुस्कान राही ने कहा कि वह पूरी ईमानदारी से जनता के बीच रहकर समस्याओं के समाधान और वार्ड को आदर्श बनाने का प्रयास करेंगी। नागरिक मौजूद रहे।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *