LOADING

Type to search

सामाजिक खबरें : सच्ची पुकार पर भगवान दौड़े चले आते हैं : प्रशांत अग्रवाल

Rajasthan

सामाजिक खबरें : सच्ची पुकार पर भगवान दौड़े चले आते हैं : प्रशांत अग्रवाल

Share

उदयपुर, 25 अगस्त: नारायण सेवा संस्थान में सावन मास के पावन अवसर पर चल रही ‘भोलेनाथ के चरणों में अपनों से अपनी बात’ शिव कथा में मंगलवार को संस्थान अध्यक्ष प्रशांत अग्रवाल ने व्यास पीठ से राजा अम्बरीष-ऋषि दुर्वासा, राजा रंतिदेव, राजा नृग और गजेन्द्र मोक्ष जैसे प्रेरक प्रसंगों का भावपूर्ण वाचन किया। कथा के माध्यम से उन्होंने श्रद्धालुओं को भक्ति, समर्पण और संकट में ईश्वर पर अटूट विश्वास का संदेश दिया।
गजेन्द्र मोक्ष प्रसंग की व्याख्या करते हुए अग्रवाल ने बताया कि क्षीर सागर के त्रिकूट पर्वत के घने जंगलों में हाथियों के प्रतापी राजा गजेन्द्र का राज्य था। उसे अपने बल, वैभव और विशाल परिवार पर अभिमान था। एक दिन गजेन्द्र अपने परिवार के साथ सरोवर में जल पीने और क्रीड़ा करने पहुंचा। इसी दौरान एक शक्तिशाली मगरमच्छ ने उसका पैर अपने जबड़े में जकड़ लिया। गजेन्द्र और मगरमच्छ के बीच लंबे समय तक संघर्ष चलता रहा। परिवार के हाथी भी अंततः साथ छोड़कर चले गए।
उन्होंने कहा कि पानी में मगरमच्छ की शक्ति बढ़ती गई, जबकि गजेन्द्र लगातार कमजोर होता गया। जब उसे अपनी शक्ति और सामर्थ्य पर भरोसा नहीं रहा, तब उसने पूरी आर्तता से भगवान विष्णु को पुकारा। शरणागत भक्त की सच्ची पुकार सुनकर भगवान विष्णु तत्काल पहुंचे और सुदर्शन चक्र से मगरमच्छ का वध कर गजेन्द्र को संकट से मुक्त किया। इस प्रसंग के बाद उन्होंने दोनों के पूर्व जन्मों की कथा भी सुनाई और बताया कि भगवान ने दोनों का उद्धार किया।
अग्रवाल ने कहा कि संकट कितना भी बड़ा क्यों न हो, जो व्यक्ति विपरीत परिस्थितियों में भी परमात्मा को नहीं भूलता, उसकी सच्ची पुकार ईश्वर तक अवश्य पहुंचती है। अहंकार मनुष्य को अपनी शक्ति का भ्रम देता है, जबकि समर्पण उसे परम शक्ति से जोड़ता है।
कथा के दौरान अग्रवाल ने गाजीपुर के कृष गुप्ता, शाहजहांपुर के जुबेर, आगरा के युवांक और उत्तराखंड के त्रिमोहन सहित दिव्यांगजनों से संवाद किया। संस्थान की सेवाओं से लाभान्वित होकर आत्मनिर्भरता की राह पर बढ़ रहे दिव्यांगजन अपने अनुभव साझा करते हुए भावुक हो गए। उनके अनुभवों ने कथा के आध्यात्मिक संदेश को सेवा और संवेदना से जोड़ दिया।
कथा में सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे। ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से पूरा पंडाल भक्तिमय हो उठा।

उदयपुर में रोजगार का मेगा मंचः 500 से ज्यादा युवाओं के इंटरव्यू, 35 होटल्स ने दिए करियर के मौके, 250 को मिला रोजगार

राजस्थान होटैलियर क्लब एवं आरआरसीएस हॉस्पिटैलिटी जॉब फेयर-2026 में उमड़ा युवाओं का सैलाब, मौके पर हुई भर्ती प्रक्रिया
उदयपुर।
पर्यटन और हॉस्पिटैलिटी क्षेत्र में करियर बनाने का सपना देख रहे युवाओं के लिए मंगलवार को मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय (डस्ैन्) में आयोजित राजस्थान होटैलियर क्लब एवं आरआरसीएस हॉस्पिटैलिटी जॉब फेयर-2026 रोजगार का बड़ा मंच बनकर सामने आया। जॉब फेयर में उम्मीद से कहीं अधिक 500 से ज्यादा युवाओं ने भाग लिया, जबकि शुरुआत में करीब 300 अभ्यर्थियों के पहुंचने की उम्मीद थी। इसमें से 250 लागो को रोजगार उपलब्ध कराया गया।
जॉब फेयर में 35 से अधिक प्रतिष्ठित होटल एवं रिसॉर्ट्स ने भाग लेकर अभ्यर्थियों के मौके पर ही इंटरव्यू लिए। बड़ी संख्या में युवाओं को शॉर्टलिस्ट किया गया। खास बात यह रही कि रोजगार की तलाश में केवल फ्रेशर्स ही नहीं, बल्कि होटल इंडस्ट्री में पहले से कार्यरत युवा भी बेहतर करियर अवसरों के लिए पहुंचे।
भर्ती प्रक्रिया में एचआरएच ग्रुप, विंद्यम ग्रान्ड उदयपुर, रामी रॉयल रिसोर्ट,अनन्ता होटल एण्ड रिसोर्ट,हॉलीमोन्ट रिसोर्ट,राम्या रिसोर्ट एण्ड स्पा सहित उदयपुर के कई 3 एवं 4 स्टार होटल्स और रिसॉर्ट्स शामिल हुए।
पर्यटन के साथ रोजगार को मिलेगी नई रफ्तार-कार्यक्रम की मुख्य अतिथि मेवाड़ की महारानी साहिबा निवृत्ति कुमारी जी रहीं। उन्होंने युवाओं को आशीर्वाद देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन उदयपुर के पर्यटन उद्योग को मजबूती देने के साथ स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए द्वार खोलने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
कार्यक्रम में फेडरेशन ऑफ हॉस्पिटैलिटी एंड टूरिज्म के पूर्व अध्यक्ष कुलदीप सिंह चंदेला, विंडम ग्रैंड उदयपुर के वाइस प्रेसिडेंट विशाल कपूर, एमएलएसयू कुलपति प्रो. कैलाश डागा, आईएमए अध्यक्ष डॉ. आनंद गुप्ता, ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेंटर की समन्वयक प्रो. मीरा माथुर,एमएलएसयू के सह-समन्वयक डॉ. सचिन गुप्ता, आरआरसीएस के संस्थापक अध्यक्ष शेफ विमल धर तथा पाम वैली के ओनर राजेश मेहता सहित अनेक गणमान्यजन मौजूद रहे।
सभी अति युवाओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में उपलब्ध संभावनाओं की जानकारी दी तथा उदयपुर को देश के प्रमुख पर्यटन केंद्रों में और मजबूत बनाने पर जोर दिया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. सचिन गुप्ता ने किया।
राजस्थान होटैलियर क्लब एवं आरआरसीएस टीम की मेहनत से साकार हुआ आयोजन-जॉब फेयर की सफलता का श्रेय आरएचसी के संस्थापक राजनिकांत शर्मा, अध्यक्ष करण सिंह, संस्थापक सुरेंद्र सिंह एवं उपाध्यक्ष लाल सिंह झाला तथा आरआरसीएस के संस्थापक अध्यक्ष शेफ विमल धर, शेफ रोथ एवं पूरी टीम के अथक प्रयासों को दिया गया। आयोजन ने उदयपुर में हॉस्पिटैलिटी सेक्टर और युवाओं के बीच मजबूत रोजगार सेतु बनाने का संदेश दिया।

जीवन की सार्थकता भौतिक सुखों में नहीं, आत्मचिंतन और संयम मेःडॉ. सुरेन्द्र मुनि

उदयपुर। श्री वर्धमान स्थानकवासी जैन श्रावक संघ, उदयपुर के तत्वावधान में देवेंद्र धाम स्थित महावीर समवशरण में आयोजित धर्मसभा को संबोधित करते हुए डॉ. सुरेन्द्र मुनि ने कहा कि जीवन जीना भी एक कला है। केवल धन-संपत्ति जुटाना, परिवार का पालन-पोषण करना, इच्छानुसार प्रतिष्ठा प्राप्त करना अथवा मौज-शौक में जीवन व्यतीत करना ही जीवन की सार्थकता नहीं है।
उन्होंने कहा कि मनुष्य को अपने जीवन के वास्तविक स्वरूप को पहचानना चाहिए। जिस नाम से लोग हमें पुकारते हैं, वह केवल शरीर की पहचान है, जबकि हमारा वास्तविक स्वरूप चेतन आत्मा है। आत्मा ज्ञान और गुणों से परिपूर्ण तथा निर्विकार है। इसलिए मनुष्य को बाहरी सुख-सुविधाओं के बजाय अपने भीतर झांककर आत्मचिंतन करना चाहिए।प्रवर्तक डॉ. राजेन्द्र मुनि ने कहा कि संसार में रहते हुए व्यक्ति अनेक मोह-माया और भौतिक आकर्षणों में उलझ जाता है। इनसे ऊपर उठकर संयम, साधना और सद्विचारों को जीवन में अपनाना आवश्यक है। आत्मा के वास्तविक स्वरूप को समझने से जीवन में शांति, संतोष और आध्यात्मिक आनंद की अनुभूति होती है।
उन्होंने श्रद्धालुओं से आह्वान किया कि वे शरीर और आत्मा के अंतर को समझें तथा जीवन को केवल भौतिक उपलब्धियों तक सीमित न रखते हुए आत्मकल्याण की दिशा में आगे बढ़ाएं। युवा परिषद के अध्यक्ष निर्मल गोखरू ने बताया कि 28 अगस्त को विशाल धर्म सभा में रक्षाबंधन का त्यौहार यंत्र-मंत्र अनुष्ठान के साथ मनाया जाएगा।

तीरंदाजी में डीपीएस उदयपुर की लहर तीन राज्यों का प्रतिनिधित्व करेगी

उदयपुर। दिल्ली पब्लिक स्कूल, उदयपुर की कक्षा ग्यारहवीं की छात्रा लहर कच्छावा ने अहमदाबाद में आयोजित सीबीएसई वेस्ट जोन तीरंदाजी बालिका चौंपियनशिप 2026-27 में भाग लेकर शानदार प्रदर्शन किया।
विद्यालय के खेल विभागाध्यक्ष विपिन राय ने बताया कि लहर ने अंडर-17 वर्ग में ऑल ओवर कंपाउंड राउंड में कांस्य पदक और एलिमिनेशन राउंड में रजत पदक प्राप्त किया। राजस्थान, गुजरात और मध्य प्रदेश से आई बालिका तीरंदाजों के बीच हुए कड़े मुकाबले में लहर ने अपने प्रतिद्वंद्वियों को मात देकर शानदार प्रदर्शन किया और उदयपुर का नाम रोशन किया। इस उपलब्धि के साथ लहर अब राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में राजस्थान, गुजरात और मध्य प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने वाली खिलाड़ियों के साथ देशभर में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेगी।
इस अवसर पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए प्रो-वाइस चेयरमैन गोविंद अग्रवाल ने कहा कि खेल जीवन का अभिन्न हिस्सा है और युवा पीढ़ी को राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी खेल प्रतिभा का परचम फहराना चाहिए।
प्राचार्य संजय नरवरिया ने कहा कि लहर का चयन सीबीएसई द्वारा आयोजित होने वाली राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए हुआ है। यह विद्यालय के लिए अत्यंत गर्व की बात है।

सेवा, सशक्तिकरण और बालिका शिक्षा का संकल्प, इनरव्हील दीवास की चेयरमैन विजिट में नए सेवा प्रकल्पों की शुरुआत


उदयपुर। इनरव्हील क्लब ऑफ उदयपुर दीवास की ऑफिशियल चेयरमैन विजिट (व्ब्ट) रविवार को उत्साह और सेवा भावना के साथ संपन्न हुई। कार्यक्रम में महिला सशक्तिकरण, बालिका शिक्षा, स्वास्थ्य एवं आत्मनिर्भरता को लेकर क्लब की गतिविधियों की समीक्षा की गई तथा आगामी सेवा योजनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई। क्लब अध्यक्ष नयना जैन ने बताया कि डिस्ट्रिक्ट चेयरमैन वर्षा शाह एवं डिस्ट्रिक्ट सेक्रेटरी अलका भार्गव ने क्लब की गतिविधियों का अवलोकन कर सदस्यों का मार्गदर्शन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत में प्रस्तुत मनमोहक ‘कथक जुगलबंदी’ से हुआ। धारा बयावत एवं अर्पिता शर्मा ने शास्त्रीय नृत्य की प्रस्तुति दी, जिसका समन्वय शिखा बहल ने किया। इसके बाद एग्जीक्यूटिव मीटिंग में क्लब की फाइलों एवं विभिन्न रजिस्टरों का अवलोकन किया गया। अतिथियों का सम्मान भी किया गया।
महिला को सिलाई मशीन, दो बालिकाओं को शिक्षा सहायता-क्लब अध्यक्ष नयना जैन के नेतृत्व में महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक जरूरतमंद महिला को सिलाई मशीन प्रदान की गई, ताकि वह अपना सिलाई केंद्र शुरू कर आत्मनिर्भर बन सके। वहीं दो बालिकाओं को शिक्षा जारी रखने के लिए आर्थिक सहायता प्रदान की गई। इस अवसर पर क्लब में तीन ऑनरेरी सदस्यों को शामिल किया गया तथा चार नई सदस्यों का पिन पहनाकर विधिवत इंस्टॉलेशन किया गया। सचिव समीक्षा खंडेलवाल ने क्लब की सेवा गतिविधियों एवं उपलब्धियों की रिपोर्ट प्रस्तुत की।
स्वास्थ्य और सेवा कार्यों को प्राथमिकता-
डिस्ट्रिक्ट चेयरमैन वर्षा शाह ने कैंसर मरीजों के लिए हेयर डोनेशन को प्रोत्साहित करने के साथ बालिकाओं में आयरन की कमी दूर करने के लिए गुड़-चना वितरण जैसे सेवा कार्यों को बढ़ावा देने पर जोर दिया। उन्होंने सदस्यों से जन्मदिन एवं अन्य विशेष अवसरों को सेवा कार्यों के माध्यम से यादगार बनाने का आह्वान किया।
डिस्ट्रिक्ट सेक्रेटरी अलका भार्गव ने बालिकाओं की फिटनेस, स्वास्थ्य एवं जागरूकता को प्राथमिकता देने की बात कही। उन्होंने क्लब को बालिकाओं के शारीरिक एवं मानसिक विकास से जुड़े जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के लिए प्रेरित किया।
क्लब फाउंडर रेखा भानावत ने क्लब की स्थापना से अब तक के अनुभव साझा करते हुए सदस्यों का मार्गदर्शन किया। क्लब एडिटर जयश्री जैन ने अतिथियों से क्लब के बुलेटिन ‘दिवास मैत्री दर्पण’ का विमोचन करवाया। बुलेटिन में क्लब की विभिन्न सेवा गतिविधियों एवं सामाजिक कार्यों की झलक प्रस्तुत की गई।
कार्यक्रम में आईएसओ आशा नवेदिया, कोषाध्यक्ष अंजना डुग्गड़ सहित पूरी टीम ने सहयोग किया। संचालन रश्मि नलवाया ने किया, जबकि उपाध्यक्ष आशा श्रीमाली ने आभार व्यक्त किया।
फोटोः- इनरव्हील क्लब दिवास

रक्तदान से लेकर जल सेवा तकः सरला सिंघवी की स्मृति में सरल परिवार ने रचे सेवा के नए आयाम

22वीं पुण्यतिथि पर 41 यूनिट रक्तदान, स्कूलों में वाटर प्यूरिफिकेशन प्लांट और अस्पताल में 250 सहयोगियों को भोजन

उदयपुर। सेवा और मानवता को समर्पित सरल परिवार की प्रेरणापुंज स्मृतिशेष श्रीमती सरला सिंघवी की 22वीं पुण्यतिथि सेवा कार्यों के रूप में मनाई गई। सरल समूह द्वारा पूरे माह विभिन्न सेवा गतिविधियां आयोजित कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण स्वैच्छिक रक्तदान रहा, जिसमें कुल 41 यूनिट रक्तदान प्राप्त हुआ।
सरल ब्लड सेंटर के चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर.एस. त्रिपाठी ने बताया कि स्मृति दिवस के अवसर पर ब्लड सेंटर के सेवा कर्मियों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर अभियान की शुरुआत की। इसके बाद स्काउट समूह द्वारा आयोजित स्वैच्छिक रक्तदान शिविर एवं इंडोर शिविर के माध्यम से कुल 41 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया।
स्कूलों में जल सेवा की स्थायी पहल-संस्था के सह सचिव संयम सिंघवी ने बताया कि स्मृति दिवस के उपलक्ष्य में राजकीय माध्यमिक विद्यालय कानपुर में विद्यार्थियों के लिए वाटर कूलर सहित वाटर प्यूरिफिकेशन प्लांट स्थापित किया गया। संस्था परिवार ने आगामी तीन वर्षों तक इसके रख-रखाव की जिम्मेदारी भी ली है। वहीं राजकीय माध्यमिक विद्यालय डबोक में पूर्व में स्थापित आरओ प्लांट का नवीनीकरण करवाकर उसके आगामी तीन वर्षों के रख-रखाव का जिम्मा भी संस्था ने अपने हाथ में लिया।
अस्पताल में 250 सहयोगियों को भोजन
मानव सेवा की कड़ी में महाराणा भूपाल राजकीय चिकित्सालय में भर्ती सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों के उपचाररत रोगियों के 250 सहयोगियों को मानव सेवा समिति के सहयोग से मिष्ठानयुक्त भोजन करवाया गया।
संस्था के मानद सचिव डॉ. श्याम एस. सिंघवी ने कहा कि सेवा कार्यों को प्रभावी और स्थायी बनाने के लिए केवल उपकरण लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनके नियमित रख-रखाव की जिम्मेदारी भी संस्थाओं को उठानी चाहिए। उन्होंने बताया कि सरल परिवार द्वारा पिछले कई वर्षों में स्कूलों, केंद्रीय कारागृह, महिला बंदीगृह, कोर्ट परिसर, धर्मशालाओं एवं मंदिरों सहित विभिन्न स्थानों पर करीब 13 वाटर प्यूरिफिकेशन प्लांट मय कूलर स्थापित किए जा चुके हैं। इन सभी के रख-रखाव का दायित्व भी संस्था द्वारा निभाया जा रहा है।
इस अवसर पर मानद सचिव डॉ. श्याम एस. सिंघवी, सह सचिव संयम सिंघवी, रवींद्र श्रीमाली, डॉ. जिनेंद्र शास्त्री, ब्लड बैंक इंचार्ज डॉ. नरेंद्र मोगरा, एमओ डॉ. आर.एस. त्रिपाठी, वीरेंद्र बोल्या, ओ.पी. शर्मा, राजेंद्र जैन, तृप्ता जैन सहित ब्लड बैंक स्टाफ एवं गणमान्यजन मौजूद रहे।
फोटोः- सरल ब्लड बैंक

हैप्पी होम विद्यालय में 52वां स्थापना दिवस समारोह आयोजित

उदयपुर। हैप्पी होम विद्यालय के सभी संस्थानों में 52वां स्थापना दिवस समारोह हर्षाेल्लास एवं गरिमापूर्ण वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में निदेशालय माध्यमिक शिक्षा बीकानेर से शिक्षा उप निदेशक श्रीमती सुषमा भानावत ने शिरकत की। विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए शिक्षा उप निदेशक श्रीमती सुषमा भानावत ने अध्ययन के पारंपरिक तरीकों के साथ-साथ पढ़ाई को सरल, रोचक और प्रभावी बनाने के नए-नए तरीकों से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को विषय को समझकर, प्रश्न पूछकर और व्यावहारिक गतिविधियों के माध्यम से सीखने की आदत विकसित करनी चाहिए।
उन्होंने बच्चों को टाइम मैनेजमेंट, नियमित अध्ययन, रिवीजन, नोट्स बनाने, माइंड मैप जैसी उपयोगी अध्ययन तकनीकों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को जिज्ञासु बने रहने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक एवं रचनात्मक प्रस्तुतियां भी दी गईं। विद्यालय के विकास एवं उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए संस्थापक श्री जगदीश अरोड़ा सर ने संस्था की गौरवपूर्ण यात्रा को याद किया।
कार्यक्रम का समापन विद्यालय परिवार द्वारा मुख्य अतिथि के प्रति आभार व्यक्त करते हुए किया गया। स्थापना दिवस समारोह ने विद्यार्थियों में विद्यालय के प्रति गौरव, नई ऊर्जा और सीखने के प्रति उत्साह का संचार किया।

संसार की चाह नहीं, आत्मशुद्धि की राह बने जीवन का लक्ष्यःसाध्वी विद्युतप्रभा श्रीजी

धर्म की क्रिया से अधिक महत्वपूर्ण है उसके पीछे की भावना और उद्देश्य
उदयपुर। वासुपूज्य मंदिर दादाबाड़ी में आयोजित आध्यात्मिक प्रवचन में साध्वी विद्युतप्रभा श्रीजी आदि ठाणा-6 ने मंगलवार को कहा कि धर्म साधना तभी सार्थक होती है, जब उसके पीछे आत्मशुद्धि की भावना और स्पष्ट उद्देश्य हो। परमात्मा ने केवल्य ज्ञान प्राप्त करने के बाद अपने पुरुषार्थ से अनादिकाल से आत्मा पर जमे कर्मरूपी मैल को दूर किया। हमें भी आत्मा को निर्मल बनाने के लिए अपनी रुचि और जीवन के लक्ष्य को बदलना होगा।
साध्वीश्री ने कहा कि सफेद कपड़े को एक माह पहनने के बाद साफ करने में काफी मेहनत करनी पड़ती है। हमारी आत्मा तो अनादिकाल से शरीर के साथ जुड़ी हुई है और चारों गतियों में भ्रमण करते हुए उस पर अनगिनत कर्मों का मैल जमा हुआ है। ऐसे में केवल धार्मिक क्रियाएं और अनुष्ठान करना पर्याप्त नहीं, बल्कि हमारी भीतरी रुचि और भावना भी उसी दिशा में होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि रुचि का अर्थ भीतर की इच्छा और आशय है। यदि तप, जप, दर्शन एवं धार्मिक अनुष्ठानों का उद्देश्य आत्मा को पवित्र करना है तो उसका फल आत्मकल्याण की दिशा में जाएगा। लेकिन यदि हमारी रुचि संसार, शरीर और उससे जुड़ी सुविधाओं को बढ़ाने में है तो धार्मिक क्रियाओं का वास्तविक उद्देश्य पूरा नहीं हो पाएगा।
साध्वीश्री ने उदाहरण देते हुए कहा कि दूध में थोड़ा सा जहर मिल जाए तो उसमें मेवा डालने के बाद भी उसे कोई नहीं पीएगा। उसी प्रकार परमात्मा की आज्ञा के अनुसार अनुष्ठान करने के बावजूद यदि उसके पीछे संसार को बढ़ाने की इच्छा है तो वह साधना अपने उद्देश्य में सफल नहीं होगी।
साध्वी विद्युतप्रभा श्रीजी ने कहा कि जीवन का वास्तविक उद्देश्य आत्मकल्याण होना चाहिए। इसके लिए संसार की क्षणभंगुर सुविधाओं से रुचि हटाकर आत्मा की शुद्धि, संयम और साधना की ओर बढ़ना आवश्यक है। इस अवसर पर साध्वी प्रज्ञानजना श्रीजी, साध्वी नमन रुचि श्रीजी, साध्वी योगरुचि श्रीजी एवं साध्वी तन्मय रुचि श्रीजी ने भावपूर्ण गीत प्रस्तुत किया।

महाकाल शोभायात्रा में सेवा की मिसालःलायंस क्लब मंगलम ने बांटी 2000 शीतल पेय बोतलें, 200 तुलसी पौधे किए वितरित

‘फ्लाइट ऑफ ड्रीम्स’ के तहत पर्यावरण संरक्षण और सेवा का संदेश
उदयपुर।
लायंस क्लब उदयपुर मंगलम की ओर से ‘फ्लाइट ऑफ ड्रीम्स’ अभियान के तहत सोमवार को आयोजित महाकाल मंदिर शोभायात्रा में सेवा एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। क्लब की चार्टर अध्यक्ष एवं संभागीय अध्यक्ष एमजेएफ लायन बसंती वर्मा के नेतृत्व में शोभायात्रा में शामिल हजारों श्रद्धालुओं को 2000 शीतल पेय की बोतलें वितरित की गईं। साथ ही पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से 200 तुलसी के पौधे भी श्रद्धालुओं को वितरित किए गए।
कार्यक्रम में पूरे संभाग के विभिन्न लायंस क्लबों के पदाधिकारियों ने सहभागिता की। प्रांतीय सभापति (पर्यावरण) लायन कमलेश कुमावत एवं क्षेत्रीय अध्यक्ष लायन कपूर सी. जैन की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम का उत्साह बढ़ाया।
क्लब अध्यक्ष लायन सुनीता पाल, सचिव लायन ललिता, कोषाध्यक्ष लायन निशा, लायन आभा आमेटा, लायन रेखा, लायन राज, लायन राजकुमारी एवं लायन परवीन सहित क्लब सदस्यों ने श्रद्धालुओं को शीतल पेय वितरित करने एवं पौधों के वितरण में सक्रिय सहयोग किया।
क्लब पदाधिकारियों ने बताया कि सेवा के साथ पर्यावरण संरक्षण को जोड़कर आयोजित यह पहल श्रद्धालुओं के बीच सकारात्मक संदेश देने वाली रही। कार्यक्रम के माध्यम से जल एवं शीतल पेय की सेवा के साथ घर-घर हरियाली का संदेश पहुंचाने का प्रयास किया गया।

19 वर्षों की सेवा के लिए डॉ. गौरव पाईवाल को मिले पांच प्रतिष्ठित सम्मान

उदयपुर। रीढ़, गर्दन एवं घुटनों के दर्द के उपचार और फिजियोथेरेपी के क्षेत्र में 19 वर्षों से सेवाएं दे रहे डॉ. गौरव पाईवाल को पिछले दो महीनों में पांच प्रतिष्ठित राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय सम्मानों से सम्मानित किया गया है।
डॉ. पाईवाल न्यू केशव नगर स्थित डॉ. पाईवाल फिजियोथेरेपी एंड डायबिटिक फुट केयर क्लिनिक में सेवाएं दे रहे हैं। उनकी विशिष्ट उपलब्धियों में कानून, प्रबंधन और फिजियोथेरेपीकृतीन अलग-अलग व्यावसायिक क्षेत्रों में स्नातक शिक्षा प्राप्त करना भी शामिल है।
वर्ष 2007 से अब तक उन्होंने हजारों मरीजों को रीढ़, गर्दन, घुटनों एवं अन्य मस्क्युलोस्केलेटल समस्याओं के लिए गैर-शल्य चिकित्सा आधारित फिजियोथेरेपी एवं पुनर्वास सेवाएं प्रदान की हैं।
पिछले दो महीनों में मिले पांच प्रमुख सम्मान-इंटरनेशनल आइकॉन्स ऑफ फिजियोथेरेपी सम्मान’
अंतरराष्ट्रीय फिजियोथेरेपी जर्नल फिजियो टाइम्स द्वारा फिजियोथेरेपी के क्षेत्र में सम्मानित किया गया। जुलाई 2026 में नई दिल्ली में आयोजित समारोह में डॉ. पाईवाल को इंडियन आइकॉन अवॉर्ड प्रदान किया गया। द सीईओ इंडिया मेगज़ीन के अगस्त 2026 के प्रिंट संस्करण के कवर पर स्थान दिया गया और ग्लोबल एक्सीलेंस अवॉर्ड 2026 से सम्मानित किया गया। द टाईम्स् ऑफ इंडिया के विकसित भारत-3 संस्करण में फिजियोथेरेपी के क्षेत्र में उनके कार्य के लिए फ्यूचर बीकॉन्स अवॉर्ड प्रदान किया गया। 15 अगस्त 2026 को उदयपुर के गांधी ग्राउंड में आयोजित जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में कैबिनेट मंत्री बाबूलाल खराड़ी एवं जिला कलेक्टर गौरव अग्रवाल द्वारा राजस्थान सरकार एक्सीलेंस अवॉर्ड 2026 से सम्मानित किया गया। यह सम्मान पीठ, गर्दन एवं घुटनों के दर्द के क्षेत्र में उनकी 19 वर्षों की सेवाओं के लिए प्रदान किया गया।
लगातार मिल रहे ये सम्मान फिजियोथेरेपी के क्षेत्र में डॉ. पाईवाल की दीर्घकालीन सेवाओं और योगदान की राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ती पहचान को दर्शाते हैं।

राष्ट्रीय खेल दिवस पर 27 से 30 अगस्त तक खेल प्रतियोगिताएं

उदयपुर, 25 अगस्त : जिले में मेजर ध्यानचंद की जयंती पर 29 अगस्त को राष्ट्रीय खेल दिवस कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। भारत की समृद्ध खेल विरासत को सम्मान देने के उद्देश्य से जिले में 27 से 30 अगस्त तक विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।
जिला खेल अधिकारी डॉ. महेश पालीवाल ने बताया कि राष्ट्रीय खेल दिवस के तहत आयोजित कार्यक्रमों में विभिन्न खेलों से जुड़े खिलाड़ी एवं खेल प्रेमी भाग लेंगे। आयोजन का उद्देश्य युवाओं में खेलों के प्रति रुचि बढ़ाना तथा खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष राष्ट्रीय खेल दिवस की थीम “खेलेगा भारत जीतेगा भारत” रखी गई है।
डॉ. पालीवाल ने बताया कि प्रतियोगिताएं वॉलीबाल महाराणा भूपाल स्टेडियम में, बैडमिंटन, टेबल टेनिस लवकुश इंडोर स्टेडियम में, बास्केटबॉल, तीरंदाजी, स्कैटिंग, जूडो, बॉक्सिंग और लॉन टेनिस महाराणा प्रताप खेलगांव में आयोजित की जाएगी।

उदयपुर प्रधान डाकघर में हर रविवार मिलेगी आधार सेवाएं

उदयपुर, 25 अगस्त : उदयपुर प्रधान डाकघर में अब प्रत्येक रविवार को भी प्रातः 10 से दोपहर 3 बजे तक आधार संबंधी सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। नागरिक इस अवधि में आधार से संबंधित आवश्यक कार्य करवा सकेंगे।
प्रवर अधीक्षक ने बतया कि रविवार को आधार सेवा उपलब्ध होने से नौकरीपेशा, व्यवसायी तथा कार्यदिवसों में समय के अभाव के कारण आधार संबंधी कार्य नहीं करवा पाने वाले नागरिकों को सुविधा मिलेगी। नागरिक निर्धारित समयावधि में प्रधान डाकघर पहुंचकर इस सुविधा का लाभ उठा सकेंगे। आधार संबंधी कार्य के लिए आवश्यक दस्तावेज साथ लाना होगा।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *