LOADING

Type to search

ईद मिलादुन्नबी जुलूस में पटाखा फोड़ते युवक की मौत

Local

ईद मिलादुन्नबी जुलूस में पटाखा फोड़ते युवक की मौत

Share

स्टील गन में आलू बम रखकर चला रहा था; गन का ढक्कन टूटकर गर्दन पर लगा, अस्पताल पहुंचने से पहले दम तोड़ा
उदयपुर, 26 अगस्त:
उदयपुर में ईद मिलादुन्नबी के जुलूस के दौरान पटाखा फोड़ते समय हुए हादसे में 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई। युवक स्टील की गन में आलू बम रखकर पटाखा चला रहा था। इसी दौरान गन का पीछे का ढक्कन टूटकर तेज गति से उसकी गर्दन पर जा लगा। गंभीर चोट लगने से युवक जमीन पर गिर पड़ा। परिजन और समाज के लोग उसे तत्काल एमबी हॉस्पिटल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हादसा बुधवार दोपहर करीब 1 बजे खेमपुरा चौराहे पर हुआ। मृतक की पहचान रेलवे कॉलोनी निवासी मोहम्मद सलमान (22) पुत्र मोहम्मद अनवर के रूप में हुई है। सूचना मिलने पर प्रतापनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनाक्रम की जानकारी ली।
श्वास और भोजन नली फटी
एएसआई सूरजमल मीणा ने बताया कि पटाखा चलाते समय युवक की गर्दन पर गंभीर चोट लगी। चोट इतनी गहरी थी कि उसकी श्वास नली और भोजन नली फट गई तथा काफी खून बह गया। परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जुलूस में शामिल होने आया था सलमान
जानकारी के अनुसार खेमपुरा से ईद मिलादुन्नबी का जुलूस निकाला जा रहा था। इसे अंजुमन चौक से निकलने वाले मुख्य जुलूस में शामिल होना था। इसी दौरान सलमान अन्य लोगों के साथ जुलूस में शामिल हुआ था और स्टील गन में पटाखे रखकर चला रहा था।
मृतक के छोटे भाई सोहेल के अनुसार खेमपुरा चौराहे पर पटाखा फोड़ते समय अचानक गन के पीछे का ढक्कन टूट गया और तेजी से सलमान की गर्दन पर जा लगा। गर्दन में गहरी चोट लगने के बाद वह मौके पर ही अचेत होकर गिर गया। सलमान टेम्पो चलाता था और पांच भाई-बहनों में तीसरे नंबर का था। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *