भाजपा में 80 वार्डों के लिए 700 आवेदन, युवाओं को ज्यादा टिकट का दावा
Share
राजेंद्र राठौड़ बोले- कोर कमेटी बना रही तीन-तीन नामों का पैनल, श्रेष्ठ कार्यकर्ता को मिलेगा मौका
उदयपुर, 26 अगस्त: उदयपुर नगर निगम चुनाव को लेकर भाजपा ने टिकट चयन की कवायद तेज कर दी है। दक्षिणी विस्तार स्थित भाजपा कार्यालय में बुधवार को कोर कमेटी की बैठक हुई, जिसमें 80 वार्डों से आए करीब 700 आवेदनों पर मंथन किया गया। पार्टी प्रत्येक वार्ड से तीन-तीन संभावित उम्मीदवारों का पैनल तैयार कर रही है। इन नामों को गुरुवार को जयपुर ले जाकर प्रदेश स्तर पर चर्चा की जाएगी।
भाजपा के संभाग प्रभारी राजेंद्र राठौड़ ने कहा कि इस बार पार्टी योग्य और सक्रिय युवाओं को अधिक अवसर देगी। उन्होंने दावा किया कि अब तक युवाओं को जितने टिकट दिए गए हैं, इस बार उससे ज्यादा टिकट दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आधारित पार्टी है और नगर निगम चुनाव भी कार्यकर्ताओं के दम पर लड़ा जाएगा। प्रत्येक वार्ड में श्रेष्ठतम कार्यकर्ता का चयन प्राथमिकता होगी।
कोर कमेटी में वरिष्ठ नेताओं ने की चर्चा
बैठक में उदयपुर शहर विधायक ताराचंद जैन, ग्रामीण विधायक फूल सिंह मीणा, चुनाव प्रभारी रजनी डांगी, जिला अध्यक्ष गजपाल सिंह राठौड़, उदयपुर चुनाव प्रभारी कनकमल कटारा, रविंद्र श्रीमाली, अलका मूंदड़ा और पूर्व सांसद अर्जुनलाल मीणा सहित कमेटी के सदस्य मौजूद रहे। करीब 700 आवेदनों के बीच पैनल तैयार करने को लेकर नेताओं ने वार्डवार चर्चा की। अंतिम टिकट पर प्रदेश स्तर से निर्णय होगा।

