LOADING

Type to search

उदयपुर-असारवा वंदे भारत अब सूरत तक, मेवाड़ को दक्षिण भारत से जुड़ने का रास्ता आसान

National

उदयपुर-असारवा वंदे भारत अब सूरत तक, मेवाड़ को दक्षिण भारत से जुड़ने का रास्ता आसान

Share

रेल मंत्रालय ने विस्तार के आदेश जारी किए; सांसद डॉ. मन्नालाल रावत के प्रयास सफल, मंगलवार को छोड़कर छह दिन चलेगी ट्रेन
उदयपुर, 31 अगस्त:
मेवाड़ की रेल कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में बड़ी सौगात मिली है। उदयपुर-असारवा के बीच संचालित वंदे भारत एक्सप्रेस का विस्तार अब सूरत तक किया जाएगा। रेल मंत्रालय ने इसके विस्तार के आदेश जारी कर नई समय-सारणी भी घोषित कर दी है। ट्रेन मंगलवार को छोड़कर सप्ताह में छह दिन उदयपुर से सूरत के बीच संचालित होगी। इससे उदयपुर सहित मेवाड़ के यात्रियों को सूरत तक तेज और सीधी रेल सुविधा मिलने के साथ दक्षिण भारत के विभिन्न शहरों तक आगे की यात्रा के विकल्प भी आसान होंगे।
दोपहर 3:35 बजे उदयपुर से रवाना होगी
नई समय-सारणी के अनुसार ट्रेन उदयपुर से दोपहर 3:35 बजे रवाना होगी। यह 4:03 बजे जावर, 4:50 बजे डूंगरपुर, 5:27 बजे शामलाजी रोड, 6:18 बजे हिम्मतनगर और 7:25 बजे असरवा पहुंचेगी। इसके बाद 8:58 बजे मणिनगर, 9:50 बजे आणंद और 10:22 बजे भरूच होते हुए रात 11 बजे सूरत पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन सूरत से सुबह 6:10 बजे रवाना होकर दोपहर 1:40 बजे उदयपुर पहुंचेगी।
व्यापार और रोजगार को मिलेगा फायदा
सूरत में मेवाड़ के बड़ी संख्या में लोग व्यापार और रोजगार से जुड़े हैं। वर्तमान में सूरत जाने वाले यात्रियों को बस अथवा अन्य साधनों पर निर्भर रहना पड़ता है। अब उदयपुर से सीधे वंदे भारत मिलने से यात्रा का समय और परेशानी दोनों कम होने की उम्मीद है। सूरत से दक्षिण भारत के विभिन्न शहरों के लिए उपलब्ध रेल सेवाओं का लाभ भी मेवाड़ के यात्रियों को मिल सकेगा। इससे व्यापार, रोजगार और सामाजिक संपर्क को बढ़ावा मिलने की संभावना है।
रेल मंत्री से मुलाकात के बाद मिली मंजूरी
सांसद डॉ. मन्नालाल रावत ने वंदे भारत के सूरत तक विस्तार के लिए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर मेवाड़ की जरूरत और यात्रियों की समस्याओं से अवगत कराया था। विस्तार की मंजूरी मिलने पर सांसद ने रेल मंत्री का आभार जताते हुए कहा कि मेवाड़ को बेहतर रेल सुविधाओं से जोड़ना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में मेवाड़ से दक्षिण भारत के लिए प्रत्यक्ष रेल सेवाओं की संभावनाएं भी मजबूत होंगी।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *