दो बाइकों की भिड़ंत में चार युवकों की मौत
Share
प्रतापगढ़, 1 सितम्बर: प्रतापगढ़ में रविवार रात दो बाइकों की आमने-सामने हुई भिड़ंत ने चार परिवारों में मातम पसरा दिया। हादसे में चार युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर घायल है। हादसा देवगढ़ थाना क्षेत्र में धरियावद रोड पर बंबोरी स्थित वेयरहाउस के पास रात करीब 9 बजे हुआ। मृतकों में दो युवक पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की सभा में शामिल होकर लौट रहे थे।
अस्पताल पहुंचने से पहले दो की मौत
थाना अधिकारी कानाराम के अनुसार हादसे की सूचना पर पुलिस घायलों को प्रतापगढ़ जिला अस्पताल लेकर पहुंची। यहां डॉक्टरों ने अनिल (25) निवासी जोगीखेड़ा खतौड़ी और विकास (25) निवासी शाहजी का पठार को मृत घोषित कर दिया। गंभीर घायल बादल (20), कुलदीप (19) और निलेश मीणा (24) को उदयपुर रेफर किया गया। इलाज के दौरान निलेश और बाद में सोमवार अलसुबह कुलदीप ने दम तोड़ दिया। बादल का इलाज जारी है।
सभा और मंदिर दर्शन से लौट रहे थे
पुलिस के अनुसार अनिल, उसका भाई बादल और चचेरा भाई कुलदीप करीब 40 किलोमीटर दूर देवाक माता मंदिर दर्शन और गहलोत की सभा में गए थे। लौटते समय उनकी बाइक सामने से आ रही निलेश और विकास की बाइक से टकरा गई। अनिल की शादी करीब एक साल पहले हुई थी और उसकी पत्नी गर्भवती है। कुलदीप 12वीं पास था और मैकेनिक का काम करता था।

