LOADING

Type to search

आपसी रंजिश में युवक पर दो फायर, हाथ में लगी गोली

crime

आपसी रंजिश में युवक पर दो फायर, हाथ में लगी गोली

Share

सहेली मार्ग पर बाइक सवार आरोपी ने वारदात को दिया अंजाम, पुलिस ने खोखा बरामद कर शुरू की तलाश
उदयपुर, 1 सितम्बर:
उदयपुर में फायरिंग की घटनाओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। सवीना थाना क्षेत्र में हुई घटना के तीसरे दिन मंगलवार को हाथीपोल थाना क्षेत्र में सहेली मार्ग पर युवक पर दो फायर कर दिए गए। गोली हाथ में लगने से इरफान पिता अशरफ खान, निवासी कत्लेशाह मस्जिद, घायल हो गया। उसे उपचार के लिए एमबी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। वारदात के बाद आरोपी शादाब उर्फ अली फरार हो गया।
बाइक पर साथी के साथ पहुंचा आरोपी
डीएसपी राजेश यादव के अनुसार घटना शाम करीब 4:30 बजे होटल हेरिटेज के सामने हुई। इरफान किसी काम से वहां गया था। इसी दौरान बाइक पर शादाब अपने साथी के साथ पहुंचा और उस पर दो फायर किए। एक गोली इरफान के हाथ में लगी। गोली चलने की आवाज से आसपास के क्षेत्र में दहशत फैल गई और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
सूचना पर डीएसपी राजेश यादव, हाथीपोल थाना पुलिस और जिला स्पेशल टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से गोली का खोल बरामद किया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपी की तलाश की जा रही है।
मछली के ठेके को लेकर विवाद की आशंका
प्रारंभिक जांच में फायरिंग का कारण आपसी रंजिश सामने आया है। पुलिस के अनुसार दोनों के बीच पहले विवाद हुआ था। इसी के चलते बदला लेने की आशंका है। इरफान के मछली के ठेके से भी विवाद जुड़ा बताया जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *