LOADING

Type to search

अपराध समाचार : अवैध पिस्टल के साथ शातिर बदमाश गिरफ्तार

crime

अपराध समाचार : अवैध पिस्टल के साथ शातिर बदमाश गिरफ्तार

Share

घंटाघर थाना पुलिस की कार्रवाई, आरोपी से अवैध पिस्टल बरामद
उदयपुर, 2 सितम्बर:
अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत घंटाघर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक युवक को अवैध पिस्टल के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक संदिग्ध युवक अवैध हथियार लेकर घूम रहा है। इस पर थाना अधिकारी कमलेन्द्र सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने दूधतलाई से सीसारमा रोड पर नाकाबंदी कर संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया।
पुलिस ने नियमानुसार तलाशी ली तो उसके कब्जे से एक अवैध पिस्टल बरामद हुई। पुलिस ने हथियार जब्त कर आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 के तहत प्रकरण दर्ज किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहम्मद कामरान पुत्र मोहम्मद रफीक, उम्र 32 वर्ष, निवासी गरीब नवाज कॉलोनी, पुलिस क्वार्टर के पास, थाना अम्बामाता, उदयपुर के रूप में हुई है। पुलिस अब जांच कर रही है कि आरोपी पिस्टल कहां से लेकर आया था और इसका इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जाना था।

जैन मंदिर में चोरी का पर्दाफाश, दो शातिर चोर और चोरी का माल खरीदने वाला गिरफ्तार

अष्टधातु की मूर्तियां और चांदी का सामान बरामद करने में जुटी पुलिस
उदयपुर, 2 सितम्बर:
कोटड़ा थाना पुलिस ने जैन मंदिर में हुई सनसनीखेज चोरी का कुछ ही दिनों में पर्दाफाश करते हुए दो शातिर चोरों सहित चोरी का माल खरीदने वाले गुजरात के एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने 18 जुलाई की रात प्रजापति मोहल्ला स्थित श्री 1008 सम्मननाथ दिगम्बर जैन मंदिर के ताले तोड़कर अष्टधातु की मूर्तियां, चांदी के छत्र सहित अन्य सामान और करीब 10 हजार रुपए नकद चोरी किए थे।
मामले में कोटड़ा निवासी शंकरलाल कोठारी की रिपोर्ट पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। थाना अधिकारी प्रभुलाल मीणा के नेतृत्व में गठित टीम ने मुखबिर तंत्र, तकनीकी सहायता और पूछताछ के आधार पर दो संदिग्धों को हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों ने मंदिर में चोरी करना स्वीकार किया। जांच में सामने आया कि चोरी की मूर्तियां और चांदी का सामान गुजरात के साबरकांठा जिले के एक सुनार को बेचा गया था। पुलिस ने चोरी का माल खरीदने वाले राकेश कुमार पुत्र देवीचंद, उम्र 42 वर्ष, निवासी खेड़ब्रह्मा, साबरकांठा, गुजरात को भी गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जेधा उर्फ लक्ष्मण पुत्र लिखिया, उम्र 26 वर्ष, निवासी सड़ा बड़ला, थाना कोटड़ा और भरत कुमार उर्फ पाथा, उम्र 26 वर्ष, निवासी सड़ा बक्सा, थाना कोटड़ा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी गुजरात के खेड़ब्रह्मा, पालनपुर, खेरोज और पोशीना क्षेत्रों में मोटरसाइकिल चोरी की वारदातों में भी शामिल रहे हैं। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस चोरी का शेष माल बरामद करने के प्रयास कर रही है।

एनडीपीएस मामलों में फरार तीन आरोपी गिरफ्तार

भूपालपुरा थाना पुलिस और स्पेशल टीम की संयुक्त कार्रवाई
उदयपुर, 2 सितम्बर:
अवैध मादक पदार्थों से जुड़े मामलों में फरार और इनामी आरोपियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत भूपालपुरा थाना पुलिस ने स्पेशल टीम के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए तीन वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में सोहेल खान उर्फ शोएब पुत्र स्व. शब्बीर खान, निवासी कुंभानगर, चित्तौड़गढ़ शामिल है। आरोपी थाना राशमी, चित्तौड़गढ़ और थाना भूपालपुरा, उदयपुर के एनडीपीएस एक्ट के मामलों में लंबे समय से फरार था। दोनों मामलों में उस पर 10-10 हजार रुपए का इनाम घोषित था।
दूसरा आरोपी मोहम्मद फैजल कुरैशी पुत्र मोहम्मद फारुख, उम्र 21 वर्ष, निवासी लोहार कॉलोनी, आयड़, उदयपुर है, जो भूपालपुरा थाने के एनडीपीएस मामले में फरार चल रहा था। वहीं तीसरी गिरफ्तार आरोपी सीमा पत्नी मनोज, उम्र 24 वर्ष, निवासी कालबेलिया बस्ती, मठ मादड़ी, थाना प्रतापनगर, उदयपुर है। महिला आरोपी को भी भूपालपुरा थाने के एनडीपीएस प्रकरण में पकड़ा गया है और उससे पूछताछ कर अनुसंधान जारी है।
कार्रवाई थाना अधिकारी रतन सिंह चौहान तथा पुलिस लाइन की स्पेशल टीम के नेतृत्व में की गई। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से मादक पदार्थों से जुड़े मामलों और उनके नेटवर्क के संबंध में पूछताछ कर रही है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *