LOADING

Type to search

अपराध समाचार : मोबाइल दुकान में चोरी का खुलासा

crime

अपराध समाचार : मोबाइल दुकान में चोरी का खुलासा

Share

दो शातिर आरोपी गिरफ्तार, चोरी के मोबाइल, नकदी और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद
उदयपुर, 12 सितंबर:
ओगणा थाना पुलिस ने पाडावली कला स्थित मोबाइल दुकान में हुई बड़ी चोरी का खुलासा करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल तथा चोरी किए गए मोबाइल और नकदी बरामद करने में सफलता हासिल की है।
पुलिस के अनुसार 4-5 सितंबर की रात अज्ञात बदमाशों ने दुकान के पीछे की दीवार में लोहे के नुकीले हथियार से छेद कर अंदर प्रवेश किया। दुकान के गल्ले से 17 हजार रुपए नकद, करीब 22 कीपैड मोबाइल, रिपेयरिंग के लिए आए 55 स्मार्टफोन, 50 चार्जर और करीब 200 मोबाइल टफ ग्लास सहित अन्य सामान चोरी किया गया था। मामले में पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर तंत्र की मदद से मनसाराम उर्फ मनीष (23) निवासी डेडकिया, ओगणा और सुरेश (19) निवासी बड़ा मगरा घाटा, बेकरिया को गिरफ्तार किया। दोनों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है। मामले में अग्रिम अनुसंधान जारी है।

ससुराल आए युवक का संदिग्ध हालत में शव मिला

डूंगरपुर: दोवड़ा थाना क्षेत्र के घटाऊ गांव में सरकारी स्कूल के पीछे एक मकान के पास युवक का शव संदिग्ध हालत में मिला। मृतक की पहचान बनकोड़ा निवासी कचरा (30) के रूप में हुई है। वह अहमदाबाद में मजदूरी करता था और दो दिन पहले ससुराल में किसी की मौत होने पर घटाऊ आया था। दोवड़ा थाने के एसआई अमृतलाल ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया। पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना देकर मौके पर बुलाया। शव मिलने की परिस्थितियों को लेकर पुलिस जांच कर रही है। पोस्टमार्टम और जांच के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।

ट्रेलर पलटा, बाइक सवार युवक की मौत

बांसवाड़ा: बांसवाड़ा में शनिवार सुबह करीब 9 बजे दाहोद मार्ग के मकोड़िया पुल पर लोहे के एंगल-पाइप से भरा तेज रफ्तार ट्रेलर बेकाबू होकर पलट गया। इसी दौरान पास से बाइक पर गुजर रहे दो युवक उसकी चपेट में आ गए। एक युवक ट्रेलर के नीचे दब गया, जबकि उसका साथी उछलकर दूर जा गिरा। हादसे में दबे युवक की मौत हो गई। दूसरे युवक को गंभीर चोटें आईं और उसे उपचार के लिए उदयपुर रेफर किया गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन की मदद से ट्रेलर हटवाया। सड़क पर बिखरे लोहे के सामान को हटाकर यातायात सुचारू कराया गया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

खेत पर काम करते किसान की तबीयत बिगड़ी, मौत

प्रतापगढ़ : सुहागपुरा थाना क्षेत्र के करौली गांव में शुक्रवार शाम खेत पर काम करते समय बद्रीलाल (पिता रामा) की अचानक तबीयत बिगड़ गई। परिजन उन्हें निजी वाहन से जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। बद्रीलाल शाम करीब 6 बजे खेत पर काम करने गए थे। वह खेती-बाड़ी और मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनके तीन बच्चे हैं। मृतक के अंकल अंबालाल मीणा ने मॉर्च्युरी में पुलिस को रिपोर्ट दी। सुहागपुरा थाने के हेड कांस्टेबल बालूराम मीणा ने बताया कि रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *