LOADING

Type to search

अपराध समाचार एक साथ: सलूंबर की ज्वेलरी शॉप में भी चोरी करने गया था बदमाश

crime

अपराध समाचार एक साथ: सलूंबर की ज्वेलरी शॉप में भी चोरी करने गया था बदमाश

Share

महिला दुकानदार को अकेला देखकर पहुंचा था, पुरुष को देख बदला प्लान; अगले दिन उदयपुर में 3.25 लाख की ज्वेलरी पार
उदयपुर, 18 सितंबर :
उदयपुर के तीतरड़ी चौराहा स्थित नमो ज्वेलर्स में ग्राहक बनकर करीब 3.25 लाख रुपए की ज्वेलरी चोरी करने वाला बदमाश घटना से एक दिन पहले सलूंबर की ज्वेलरी शॉप में भी वारदात की कोशिश कर चुका था। सलूंबर के नागदा बाजार स्थित दुकान में आरोपी 16 सितंबर की दोपहर पहुंचा था। महिला दुकानदार को अकेला देखकर वह दुकान में घुसा, लेकिन वहां एक पुरुष दुकानदार भी मौजूद था। इसके चलते वह वारदात नहीं कर सका।
इसके अगले दिन 17 सितंबर को आरोपी उदयपुर के सवीना थाना क्षेत्र स्थित नमो ज्वेलर्स पहुंचा। यहां सुबह 10:32 बजे ग्राहक बनकर आया और सोने की बालियां दिखाने को कहा। दुकानदार को बातचीत में उलझाकर उसने करीब 25 ग्राम वजन की सोने की बालियां पार कर लीं। सुबह 10:43 बजे वह दुकान से निकल गया।
बाद में दुकानदार को ज्वेलरी का वजन कम लगा तो उसने दुकान के सीसीटीवी फुटेज देखे। फुटेज में आरोपी की करतूत सामने आई। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सलूंबर और उदयपुर दोनों जगह आरोपी के हुलिए में समानता सामने आई है। वह सिर पर टोपी लगाए दिखाई दिया था। सवीना थाना पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।

कपास की आड़ में 40 लाख रुपए के गांजे की खेती

2505 हरे पौधे जब्त, 280 किलो वजन; पुलिस को देखकर खेत मालिक जंगल की ओर भागा
डूंगरपुर, 18 सितंबर:
डूंगरपुर जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बिछीवाड़ा थाना पुलिस और जिला विशेष टीम ने पांथल गांव में कार्रवाई कर कपास की फसल की आड़ में उगाए जा रहे गांजे के 2,505 हरे पौधे जब्त किए हैं। जब्त पौधों का कुल वजन 280 किलोग्राम बताया गया है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 40 लाख रुपए है।
बिछीवाड़ा सीआई देवेंद्र देवल के अनुसार डीएसटी प्रभारी को मुखबिर से सूचना मिली थी कि पांथल निवासी नरसी पिता दला ताबियाड अपने खेत में अवैध रूप से गांजे की फसल उगा रहा है। सूचना पर डीएसटी और थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस को देखकर खेत मालिक मकान के पीछे घने जंगल और पहाड़ी क्षेत्र की ओर भाग गया। पीछा करने के बावजूद वह पुलिस के हाथ नहीं लगा। पुलिस ने मकान और खेत की तलाशी ली तो मकान के पास तथा खेत में कपास की फसल के बीच गांजे के पौधे मिले।
पुलिस ने सभी पौधों को उखाड़कर एकत्र किया और उनकी गिनती की। इन्हें तीन प्लास्टिक के थैलों में भरकर वजन किया गया, जो क्रमशः 130, 90 और 60 किलो रहा। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

ट्रावेल्स कंपनी की बस से 53 हजार रुपए की अवैध शराब बरामद

गुजरात ले जाई जा रही थी शराब, गैलरी में सात प्लास्टिक कट्टों में पार्सल बनाकर रखी थी
उदयपुर, 18 सितंबर :
अवैध शराब परिवहन के खिलाफ अभियान के तहत गोवर्धनविलास थाना पुलिस ने ट्रावेल्स कंपनी की बस से करीब 53 हजार रुपए कीमत की अवैध शराब बरामद कर एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। शराब को बस की गैलरी में सात प्लास्टिक के कट्टों में पार्सल के रूप में रखकर ले जाया जा रहा था। पुलिस के अनुसार शराब गुजरात ले जाने की आशंका है।
मुखबिर से सूचना मिली थी कि आमेट से मुंबई जा रही वीडियो कोच बस में अवैध शराब का परिवहन किया जा रहा है। इस पर थानाधिकारी सुनील चारण के नेतृत्व में पुलिस टीम ने नाकाबंदी कर बस को रुकवाया और तलाशी ली। गैलरी में सात प्लास्टिक के कट्टे पार्सल के रूप में मिले।
खलासी से पूछताछ में सामने आया कि पार्सल एक यात्री ने उदयपुर से नाथद्वारा के लिए लगेज के रूप में रखवाए थे। यात्री की पहचान उदयलाल गुर्जर (30) निवासी पाखंड केसरपुरा, नाथद्वारा सदर के रूप में हुई।
पैकेट खोलने पर अंग्रेजी शराब के 144 पव्वे तथा किंगफिशर और टर्बोग बियर के 284 कैन मिले। वैध दस्तावेज नहीं होने पर पुलिस ने आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया। न्यायालय से पीसी रिमांड लिया गया है और शराब के स्रोत व गंतव्य को लेकर पूछताछ जारी है।

तालाब में डूबने से महिला की मौत

उदयपुर: गोगुंदा क्षेत्र में मानसी वाकल तालाब पर नहाने गई महिला की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। पुलिस के अनुसार भंवरी पत्नी नखालाल वडेरा, निवासी तलई पोस्ट गोराणा, गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे नहाने के लिए तालाब पर गई थी। नहाने के दौरान वह गहरे पानी में चली गई और डूब गई। परिजन तलाश करते हुए तालाब पर पहुंचे तो महिला का शव पानी में मिला। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

गहरे पानी में जाने से युवक की मौत

उदयपुर: सारण क्षेत्र में तालाब पर नहाने गए युवक की डूबने से मौत हो गई। पुलिस के अनुसार जगदीश चंद्र (25) पुत्र नवलचंद खोखरिया, निवासी सारण झाड़ोल, 16 सितंबर शाम करीब 5.30 बजे तालाब पर नहाने की बात कहकर घर से निकला था। देर रात तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने तलाश शुरू की। तालाब के आसपास उसकी शर्ट और चप्पल मिलने से डूबने की आशंका हुई। शुक्रवार सुबह ग्रामीणों की मदद से तलाश की गई तो तालाब में उसका शव मिला। पुलिस मौके पर पहुंची और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

अवैध पिस्टल और जिंदा कारतूस के साथ युवक गिरफ्तार

उदयपुर: सुखेर थाना पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को देशी पिस्टल और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि अमरख महादेव मंदिर जाने वाले रास्ते के पास बिना नंबर की वैगनआर में एक युवक अवैध पिस्टल लेकर बैठा है। सूचना पर डीएसटी प्रभारी भरत योगी और थानाधिकारी अमर सिंह के नेतृत्व में टीम ने दबिश दी। मौके से वीरेंद्र सिंह को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से पिस्टल, मैगजीन और एक जिंदा राउंड बरामद किया गया। आरोपी वीरेंद्र सिंह पुत्र नरपत सिंह चौहान, निवासी बसी चंदनसिंह, थाना लोहारिया, बांसवाड़ा है। न्यायालय ने पुलिस को पीसी रिमांड दिया है।

अस्पताल से चोरी स्कूटी धनसुरा के जंगल से बरामद

उदयपुर : हाथीपोल थाना पुलिस ने एमबीजीएच अस्पताल से चोरी हुई स्कूटी बरामद कर मुख्य आरोपी समेत तीन जनों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार 12 जुलाई को एक महिला ने स्कूटी अस्पताल गेट के पास खड़ी की थी, जो ड्यूटी के बाद गायब मिली। जांच के दौरान पुलिस ने करण सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ की। उसने डुप्लीकेट चाबी से स्कूटी चोरी कर धनसुरा निवासी राहुल को बेचने की बात बताई। पुलिस ने साबरमती जेल में बंद राहुल को प्रोडक्शन वारंट पर लिया। पूछताछ के बाद विजय भाई को भी गिरफ्तार किया गया। उसकी निशानदेही पर धनसुरा के पास जंगल से स्कूटी बरामद हुई। पुलिस के अनुसार आरोपियों पर पूर्व में शराब तस्करी और हत्या के मामले दर्ज हैं। मामले में अनुसंधान जारी है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *