LOADING

Type to search

शिवलिंग क्षतिग्रस्त करने पर बाजार बंद, बोले—की जाए बुलडोजर कार्रवाई

crime

शिवलिंग क्षतिग्रस्त करने पर बाजार बंद, बोले—की जाए बुलडोजर कार्रवाई

Share

100 से अधिक सीसीटीवी कैमरे खंगालने के बाद एक आरोपी हिरासत में; देहलीगेट चौराहे पर जुटे लोगों ने मंदिर पुनर्निर्माण की मांग की
उदयपुर, 19 सितम्बर :
सूरजपोल थाना क्षेत्र के इंद्रा नगर बीड़ा इलाके में गुरुवार रात शिव मंदिर में शिवलिंग क्षतिग्रस्त किए जाने की घटना के बाद शनिवार को शहर में आक्रोश देखने को मिला। घटना के विरोध में देहलीगेट चौराहे और आसपास के दुकानदारों ने स्वैच्छिक रूप से अपने प्रतिष्ठान बंद रखे। सर्वसमाज के आह्वान पर बाजार बंद रहा। स्थिति को देखते हुए पुलिस भी मौके पर तैनात रही।
घटना की सूचना मिलने पर सूरजपोल थाना पुलिस मौके पर पहुंची थी। पुलिस ने लोगों से समझाइश कर स्थिति को शांत कराया। इसके बाद मामले की जांच के दौरान पुलिस ने शुक्रवार देर रात तक 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। पुलिस ने एक आरोपी फिरोज को सवीना क्षेत्र की गोशिया कॉलोनी स्थित किराए के मकान से गिरफ्तार कर लिया। साथ ही किराए के निवास पर नोटिस भी चस्पा किया गया है। प्रदर्शनकारियों की मांग आरोपी के घर बुलडोजर कार्रवाई करने की है।
शनिवार को भाजपा सहित विभिन्न संगठनों और समाज के लोग देहलीगेट चौराहे पर एकत्र हुए। लोगों ने नारेबाजी करते हुए आरोपी के मकान पर बुलडोजर चलाने की मांग रखी। बाजार बंद की सूचना पर पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति पर नजर रखी।
भाजपा नेता सन्नी पोखरना ने कहा कि धार्मिक स्थल को इस तरह निशाना बनाया जाना गंभीर मामला है। उन्होंने आरोपी के मकान पर बुलडोजर कार्रवाई की मांग के साथ शहर के सभी मंदिरों के अंदर और बाहर सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने क्षतिग्रस्त मंदिर के पुनर्निर्माण की मांग भी की।
100 से ज्यादा कैमरों की फुटेज खंगाली
पुलिस ने शिवलिंग क्षतिग्रस्त किए जाने की घटना के बाद जांच तेज करते हुए 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज के आधार पर एक आरोपी को चिह्नित कर हिरासत में लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। इधर, प्रदर्शनकारियों ने मंदिरों की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाने और क्षतिग्रस्त मंदिर के पुनर्निर्माण की मांग की।
शिव मूर्ति खंडित करने पर माकपा ने कार्रवाई की मांग
माकपा जिला सचिव एवं पूर्व पार्षद राजेश सिंघवी ने इंदिरा नगर, बीड़ा में शिव मूर्ति खंडित करने की घटना की निंदा करते हुए दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि घटना की आड़ में सांप्रदायिक तनाव और आपसी भाईचारा बिगाड़ने का प्रयास नहीं होना चाहिए। सिंघवी के अनुसार कथित आरोपी फिरोज को हिरासत में लिया गया है, जो दिवानशाह कॉलोनी में किराए के मकान में रहता है। नगर निगम ने मकान निर्माण की स्वीकृति को लेकर नोटिस जारी किया है। उन्होंने माछला मगरा में वन भूमि पर बने मकानों का हवाला देते हुए प्रशासन से कानून का इस्तेमाल संविधान और मानवता के अनुरूप करने की अपील की।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *