LOADING

Type to search

मेयर चुनाव आज, भाजपा-कांग्रेस ने संभाली कमान

political

मेयर चुनाव आज, भाजपा-कांग्रेस ने संभाली कमान

Share

भाजपा के 53 पार्षद, कांग्रेस के 23; माकपा पार्षद ने पूनम कुंवर को समर्थन देने का किया ऐलान
उदयपुर, 21 सितम्बर:
उदयपुर नगर निगम के मेयर पद के लिए सोमवार को मतदान होगा। भाजपा ने अपने पार्षदों की बाड़ेबंदी कर रखी है और पार्टी नेतृत्व की ओर से पार्षदों को मतदान प्रक्रिया की जानकारी भी दी जा रही है। भाजपा की ओर से पारस सिंघवी और कांग्रेस की ओर से पूनम कुंवर राठौड़ मैदान में हैं। मतदान को लेकर दोनों दलों ने अपने-अपने पार्षदों से संपर्क बनाए रखा है।
नगर निगम के चुनाव में भाजपा के 53, कांग्रेस के 23, तीन निर्दलीय और एक माकपा पार्षद निर्वाचित हुए हैं। भाजपा अपने पार्षदों के साथ निर्दलीय पार्षदों से भी संपर्क में है। वहीं कांग्रेस ने भी निर्दलीय और माकपा पार्षद से समर्थन जुटाने के प्रयास किए हैं।
रविवार को भाजपा पार्षदों को नाथद्वारा हाईवे स्थित रिसोर्ट से केसरियाजी दर्शन के लिए ले जाया गया। पार्टी की ओर से मतदान के दौरान किसी प्रकार की तकनीकी गलती नहीं हो, इसके लिए बैलेट पेपर से मतदान की प्रक्रिया समझाए जाने की भी चर्चा रही।
माकपा ने कांग्रेस को दिया समर्थन
माकपा जिला सचिव राजेश सिंघवी के अनुसार पार्टी की राज्य कमेटी ने भाजपा के विरोध में खड़े उम्मीदवार को मतदान करने का निर्णय लिया है। इसी क्रम में उदयपुर से माकपा पार्षद राजेंद्र वसीटा ने कांग्रेस प्रत्याशी पूनम कुंवर को समर्थन देने की घोषणा की है। इससे कांग्रेस के पक्ष में एक वोट जुड़ गया है।
डिप्टी मेयर पर भी नजर
मेयर चुनाव के बाद डिप्टी मेयर पद को लेकर भाजपा में दावेदारों के नाम पर चर्चा होगी। दिनेश भट्ट, डॉ. कविता जोशी और पंकज बोराणा के नाम चर्चा में बताए जा रहे हैं। पार्टी स्तर पर रायशुमारी और वरिष्ठ नेताओं के बीच विचार-विमर्श के बाद नाम तय किया जाएगा। डिप्टी मेयर पद के लिए मतदान मंगलवार को प्रस्तावित है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *