एसआई भर्ती परीक्षा में सख्ती, चेन-बटन काटकर दी एंट्री
Share
पेपर लीक के बाद रद्द 2021 की परीक्षा दोबारा हुई, उदयपुर में 128 केंद्रों पर 40,800 अभ्यर्थी पंजीकृत; 92 ऑब्जर्वर और 22 डिप्टी कोऑर्डिनेटर तैनात
उदयपुर, 20 सितम्बर: पेपर लीक के कारण रद्द की गई 2021 एसआई भर्ती परीक्षा रविवार को उदयपुर समेत प्रदेश के 11 जिलों में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच दोबारा आयोजित की गई। उदयपुर में दोनों पारियों के लिए 128 परीक्षा केंद्र बनाए गए, जहां कुल 40,800 अभ्यर्थी पंजीकृत रहे। पहली पारी सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक हुई, जबकि दूसरी पारी दोपहर 3 बजे से आयोजित की गई।
परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की प्रवेश से पहले सघन जांच की गई। टी-शर्ट या पैंट में मेटल की चेन या बटन पाए जाने पर कैंची से काटने के बाद ही अभ्यर्थियों को प्रवेश दिया गया। महिला अभ्यर्थियों से ज्वेलरी भी केंद्र के बाहर ही उतरवाई गई। परीक्षा की निगरानी और व्यवस्थाओं के लिए उदयपुर में 22 डिप्टी कोऑर्डिनेटर और 92 ऑब्जर्वर तैनात किए गए।
बायोमेट्रिक और फेस रिकॉग्निशन से जांच
इस बार अभ्यर्थियों की पहचान और प्रवेश प्रक्रिया की जिम्मेदारी पुलिसकर्मियों को दी गई। प्रत्येक अभ्यर्थी की बायोमेट्रिक जांच, थंब इंप्रेशन और फेस रिकॉग्निशन के बाद ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया गया। परीक्षा शुरू होने से 60 मिनट पहले तक ही अभ्यर्थियों को प्रवेश की अनुमति रही। निर्धारित समय के बाद परीक्षा केंद्रों के प्रवेश द्वार बंद कर दिए गए। पेपर लीक प्रकरण के बाद दोबारा आयोजित इस परीक्षा में नकल और किसी भी तरह की गड़बड़ी रोकने के लिए परीक्षा केंद्रों पर विशेष निगरानी व्यवस्था रखी गई। अभ्यर्थियों को निर्धारित नियमों का पालन करने के बाद ही परीक्षा में शामिल होने दिया गया।

