सांवलिया जी सेठ के जलझूलनी एकादशी मेले का श्रीगणेश, निकली विशाल शोभायात्रा
Share
आज एकादशी पर निकलेगी भव्य रथयात्रा, बी. प्राक देंगे भजन प्रस्तुति; सरोवर में होगा भगवान का जल विहार
मंडफिया, 21 सितम्बर : मेवाड़ के प्रमुख कृष्णधाम भगवान श्री सांवलिया जी सेठ के दरबार में त्रि-दिवसीय जलझूलनी एकादशी मेले का सोमवार को विशाल शोभायात्रा के साथ शुभारंभ हुआ। मेले के प्रथम दिन तेजा दशमी पर्व पर दोपहर 2 बजे मंदिर प्रांगण से भगवान श्री सांवलिया जी सेठ की शोभायात्रा निकाली गई। मंदिर बोर्ड अध्यक्ष हजारी दास वैष्णव, सीईओ दिनेश धाकड़ एवं बोर्ड सदस्यों ने शोभायात्रा की अगवानी कर मेले का श्रीगणेश किया।
शोभायात्रा में सजे-धजे हाथी, घोड़े और ऊंट आकर्षण का केंद्र रहे। केसरिया पोशाक में पुजारी गुलाल उड़ाते हुए चल रहे थे। बैंड-बाजे, डीजे, ढोल, मांदल और हारमोनियम की धुनों पर श्रद्धालु नाचते-गाते भगवान के जयकारे लगाते रहे। विभिन्न विद्यालयों की देव रूपी झांकियों ने भी शोभायात्रा की शोभा बढ़ाई। शोभायात्रा शिव मंदिर चौक, घड़ी का देवरा, कबूतर खाना, ब्रह्मपुरी मोहल्ला और सदर बाजार से होते हुए रात 8 बजे मंदिर पहुंची। इसके बाद मंदिर परिसर में आतिशबाजी की गई।
मेले में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। विभिन्न मार्गों से पैदल और वाहनों से श्रद्धालु मंडफिया पहुंचे। भादसोड़ा, चिकारड़ा, आवरी माता और भदेसर मार्गों पर वाहनों के लिए पार्किंग की व्यवस्था की गई। मेले में बाहर से आए व्यापारियों ने खिलौने, कपड़े, घरेलू सामान और खाद्य सामग्री की दुकानें लगाईं। डॉलर, चकरी और झूलों से मेला क्षेत्र गुलजार रहा।
आज निकलेगी भव्य रथयात्रा: मंदिर बोर्ड अध्यक्ष हजारी दास वैष्णव ने बताया कि जलझूलनी एकादशी पर दोपहर 12 बजे विशेष पूजा-अर्चना के बाद भगवान की रथयात्रा निकलेगी। नगर भ्रमण के बाद रथयात्रा सांवलिया सरोवर पहुंचेगी, जहां भगवान को स्नान कराया जाएगा। इसके बाद रथयात्रा रात 8 बजे मंदिर पहुंचेगी और आतिशबाजी होगी।
बी. प्राक देंगे भजनों की प्रस्तुति: सोमवार रात 9 बजे मंडफिया बाईपास स्थित मंच पर बॉलीवुड सिंगर बी. प्राक मय दल भजन संध्या एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे। गोवर्धन रंगमंच पर सवाई भाट तथा मीरा रंगमंच पर प्रकाश माली मय दल की प्रस्तुतियां होंगी। रात 1 बजे गोवर्धन रंगमंच पर मोनिका भदौरिया, वॉइस ऑफ इंडिया दिव्यांश वर्मा एवं आईजीटी ग्रुप तथा मीरा रंगमंच पर आशा वैष्णव भजन संध्या प्रस्तुत करेंगी।

