सांवलिया सेठ की विशाल रथ यात्रा में उमड़ा भक्तों का सैलाब
Share
लाखों श्रद्धालुओं ने किए दर्शन, सांवलिया सरोवर में कराया बाल विग्रह का स्नान; आज मेले का समापन
मंडफिया, 22 सितम्बर: भगवान श्री सांवलिया जी सेठ के त्रिदिवसीय जलझूलनी एकादशी मेले के दूसरे दिन मंगलवार को विशाल रथ यात्रा निकाली गई। दोपहर 12 बजे मंदिर परिसर में रजत जड़ित रथ में भगवान के बाल विग्रह को विराजित कर पूजा-अर्चना के बाद यात्रा शुरू हुई। मंदिर बोर्ड अध्यक्ष हजारी दास वैष्णव व सदस्यों ने दर्शन कर रथ यात्रा का शुभारंभ किया। ‘हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की’ के जयकारों से कस्बा कृष्णमय हो उठा। गुलाब की पंखुड़ियों, गुलाल और अबीर की वर्षा के बीच श्रद्धालु भजन-कीर्तन करते हुए नाचते-गाते चले। यात्रा शिव मंदिर चौक, घड़ी का देवरा और कबूतर खाना होते हुए सांवलिया सरोवर पहुंची, जहां बाल विग्रह को स्नान कराया गया। इसके बाद रथ रात 8 बजे मंदिर पहुंचा। यात्रा के समापन पर आतिशबाजी हुई। मेले में लाखों श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। बुधवार को मेले का समापन होगा। रात 9 बजे मीरा रंगमंच पर छोटू सिंह रावण की भजन संध्या होगी।

