LOADING

Type to search

उदयपुर में दिन का तापमान 37 डिग्री पहुंचा, गर्मी-उमस से लोग बेहाल

Local

उदयपुर में दिन का तापमान 37 डिग्री पहुंचा, गर्मी-उमस से लोग बेहाल

Share

एक सप्ताह से बारिश नहीं, पर्यटन स्थलों पर भी घटी रौनक; झीलों-तालाबों का जलस्तर घटने लगा
उदयपुर, 26 सितम्बर:
मानसून की विदाई के बाद उदयपुर में एक बार फिर गर्मी ने जोर पकड़ लिया है। शनिवार को दिन का तापमान 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि रात का तापमान करीब 22 डिग्री सेल्सियस बना हुआ है। सुबह 8 से 9 बजे के बाद तेज धूप निकलने से गर्मी के साथ उमस का असर महसूस होने लगा। दोपहर में गर्मी और अधिक बढ़ गई, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
गर्मी का असर शहर के पर्यटन स्थलों पर भी दिखाई देने लगा है। आम दिनों में सुबह से ही पर्यटकों की आवाजाही से गुलजार रहने वाले पर्यटन स्थलों पर दोपहर के समय अपेक्षाकृत कम लोग नजर आए। स्थानीय लोगों और पर्यटकों को तेज धूप से बचने के लिए छांव का सहारा लेना पड़ा।
उदयपुर में पिछले करीब एक सप्ताह से बारिश नहीं हुई है। इसके चलते जहां झीलों और तालाबों के जलस्तर में बढ़ोतरी थम गई है, वहीं अब धीरे-धीरे पानी कम होने लगा है। बारिश का दौर थमने और धूप तेज होने से शहर में गर्मी का असर बढ़ता जा रहा है।
समय से पहले विदा हुआ मानसून
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार मानसून की समय से पहले विदाई अथवा बारिश में लंबा अंतराल आने पर धरातल की नमी कम होने लगती है। इसके बाद सूर्य की किरणों का सीधा प्रभाव पड़ने से तापमान बढ़ता है। उन्होंने कहा कि इस बार मानसून उम्मीद से पहले विदा हो गया और अंतिम दिनों में बारिश की गतिविधियां पूरी तरह थम गईं। इसी कारण तापमान में अचानक उछाल देखने को मिल रहा है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *