LOADING

Type to search

डॉक्टर बनने निकले थे, हादसे ने छीन लिए दो सपने

crime

डॉक्टर बनने निकले थे, हादसे ने छीन लिए दो सपने

Share

उदयपुर में दो मेडिकल स्टूडेंट की मौत से परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़, दो साथी अस्पताल में भर्ती
उदयपुर, 26 सितम्बर:
उदयपुर में डॉक्टर बनने का सपना लेकर पढ़ाई कर रहे चार मेडिकल स्टूडेंट शनिवार तड़के एक दर्दनाक हादसे का शिकार हो गए। कुछ ही पलों में दो परिवारों के सपने बिखर गए। हादसे में ग्वालियर निवासी उदय बंसल और बिलासपुर निवासी रुचिका परिहार की मौत हो गई, जबकि उनके दो साथी गंभीर रूप से घायल हैं।
उदय और रुचिका के परिवारों ने उन्हें डॉक्टर बनाने का सपना संजोकर उदयपुर भेजा था। दोनों पेसिफिक मेडिकल कॉलेज, उमरड़ा में एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहे थे। परिवारों के लिए शनिवार की सुबह जिंदगी की सबसे दुखद खबर लेकर आई। बच्चों के भविष्य को लेकर देखे जा रहे सपने अचानक मातम में बदल गए।
ग्वालियर के मधुवन कॉलोनी, थातीपुर निवासी उदय बंसल पुत्र दिलीप बंसल और छत्तीसगढ़ के बिलासपुर निवासी रुचिका परिहार (25) पुत्री रघुनाथ परिहार की मौत की सूचना मिलने के बाद परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई। दोनों के शव मोर्चरी में रखवाए गए हैं। परिजनों के उदयपुर पहुंचने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हादसे में घायल शशांक सिंह समेत एक अन्य छात्रा अस्पताल में उपचाराधीन हैं। दोनों के साथी और परिचित उनकी सलामती की दुआ कर रहे हैं। एक तरफ दो परिवार अपनों को खोने के सदमे में हैं, वहीं दूसरी ओर अस्पताल में भर्ती दोनों घायल छात्रों के परिवारों की निगाहें डॉक्टरों के प्रयासों पर टिकी हैं।
चारों युवा अपने करियर के उस पड़ाव पर थे, जहां आने वाले वर्षों में उन्हें मरीजों की जिंदगी बचाने की जिम्मेदारी संभालनी थी। लेकिन एक सड़क हादसे ने उदय और रुचिका के जीवन की कहानी बीच में ही रोक दी। पीछे रह गए परिवार, अधूरे सपने और ऐसी यादें, जिन्हें शायद ये परिवार जिंदगीभर भुला नहीं पाएंगे।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *