LOADING

Type to search

2 करोड़ रिश्वत केस में ASP और दलाल की रिमांड 3 दिन बढ़ी

crime

2 करोड़ रिश्वत केस में ASP और दलाल की रिमांड 3 दिन बढ़ी

Share

विशेष अदालत में पेशी के बाद 3 अक्टूबर तक पुलिस हिरासत
उदयपुर, 30 सितंबर :
272 प्लॉट प्रकरण में राहत देने के बदले 2 करोड़ रुपए की कथित रिश्वत लेने के मामले में गिरफ्तार SOG के ASP मुकेश कुमार सोनी और कथित दलाल सज्जन सिंह जैन की पुलिस रिमांड 3 दिन बढ़ा दी गई है। तीन दिन का रिमांड पूरा होने पर बुधवार को दोनों को विशेष अदालत में पेश किया गया। एसीबी ने मामले की जांच के लिए पांच दिन की अतिरिक्त हिरासत मांगी, जिस पर अदालत ने दोनों को 3 अक्टूबर को पेश करने के निर्देश दिए। इधर, मामले में SOG के रीडर जसवंत राव की भूमिका भी जांच के दायरे में आ गई है। वह 26 सितंबर के बाद से कार्यालय नहीं पहुंचा है और मोबाइल बंद है। एसीबी उदयपुर पुलिस के सहयोग से उसकी तलाश कर रही है।
एसीबी ने 26 सितंबर को ASP मुकेश सोनी के कथित दलाल सज्जन सिंह जैन को 2 करोड़ रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया था। इसके अगले दिन 27 सितंबर को ASP मुकेश सोनी को भी गिरफ्तार किया गया। अब जांच में रीडर जसवंत राव की भूमिका को लेकर भी जानकारी जुटाई जा रही है।
SOG रीडर जसवंत राव की तलाश, मोबाइल बंद और घर समेत ठिकानों पर ACB की दबिश
एसीबी टीम रीडर जसवंत राव के घर सहित उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। शिकायतकर्ता निरंजन मोगरा के अनुसार 4 अगस्त को गिरफ्तारी के दौरान SOG ने उसके घर से सोने के दो बैंगल, सोने की घड़ी, प्लॉट से जुड़े दस्तावेज और DVR सहित सामान जब्त किया था। आरोप है कि कुछ सामान जब्ती रिकॉर्ड में दर्ज नहीं किया गया। जमानत के बाद जब मोगरा ने रीडर से सामान के बारे में पूछा तो उसे ASP से बात करने के लिए कहा गया। एसीबी इस आरोप की भी जांच कर रही है। मोगरा ने SOG कार्यालय में उसकी पत्नी से SBI के खाली चेक पर हस्ताक्षर करवाने का भी आरोप लगाया है। संबंधित दस्तावेज और साक्ष्यों की जांच की जा रही है।
जयपुर से नियुक्त ASP कर रहे जांच
जयपुर से ASP महावीर सिंह को मामले का जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है। उन्होंने मंगलवार को उदयपुर एसीबी कार्यालय पहुंचकर रिकॉर्ड और दस्तावेजों की जांच की तथा मुकेश सोनी, सज्जन सिंह जैन और शिकायतकर्ता निरंजन मोगरा से पूछताछ की। एसीबी अब रीडर की भूमिका, कथित रिश्वत प्रकरण और जब्त सामान से जुड़े आरोपों की जांच कर रही है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *