किराए का कमरा लेकर छाप रहे थे नोट, पहली खेप बाजार में खपाने से पहले गिरफ्तार
Share
4.95 लाख के नकली नोट, प्रिंटर, लैमिनेशन मशीन व वाहन जब्त
डूंगरपुर, 30 सितंबर: रामसागड़ा थाना पुलिस ने नकली भारतीय मुद्रा बनाने और उसकी सप्लाई करने के प्रयास का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 4 लाख 95 हजार 500 रुपए अंकित मूल्य के 991 नकली नोट बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी किराए का कमरा लेकर करीब 10-15 दिन से नकली नोट तैयार कर रहे थे और पहली खेप बाजार में खपाने की तैयारी में थे।
पुलिस के अनुसार 29 सितंबर को सूचना मिली कि माडा स्कूल ग्राउंड में कुछ युवक नकली नोट लेकर खड़े हैं। थानाधिकारी कैलाश पंचारिया जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे। वहां कार और स्कूटी खड़ी मिली। पुलिस को देखकर कार सवार एक युवक अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया, जबकि कार की पिछली सीट से दो युवकों को पकड़ लिया गया।
तलाशी में गत्ते के बॉक्स से अखबार में लिपटे 500-500 रुपए के नकली नोटों के बंडल मिले। चार बंडलों में 200-200 नोट और 191 खुले नोट मिले। कुल 991 नोट बरामद हुए। आरोपियों की पहचान भावेश (23) निवासी विजयगंज कॉलोनी और नयन (19) निवासी नालंदा बेंगलोज औद्योगिक क्षेत्र, डूंगरपुर के रूप में हुई। फरार आरोपी राहुल लबाना निवासी माडा की तलाश जारी है।
आरोपियों की निशानदेही पर नकली नोट बनाने में इस्तेमाल कागज, प्रिंटर, लैमिनेशन मशीन, नोट गिनने की मशीन और 500 रुपए के दो अतिरिक्त नकली नोट बरामद किए गए। दो मोबाइल फोन, कार और स्कूटी भी जब्त की गई। प्रारंभिक पूछताछ में कम समय में पैसा कमाने के लिए नकली नोट तैयार करने की बात सामने आई है। पुलिस नेटवर्क और सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।

