डोडा चूरा, एमडीएमए और अवैध शराब जब्त, 7 तस्कर गिरफ्तार
Share
दो दिन में सूरजपोल पुलिस की 8 कार्रवाई, 39.100 किलो डोडा चूरा और 8.04 ग्राम एमडीएमए बरामद; 82 कैन अवैध बीयर भी जब्त
उदयपुर, 6 अक्टूबर: मादक पदार्थों के अवैध कारोबार और नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सूरजपोल थाना पुलिस ने पिछले दो दिनों में अलग-अलग कार्रवाई करते हुए नशे के नेटवर्क पर शिकंजा कसा है। पुलिस ने कुल आठ अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर सात आरोपियों को गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान 39.100 किलोग्राम अवैध डोडा चूरा, 8.04 ग्राम एमडीएमए, 82 कैन अवैध बीयर तथा बड़ी मात्रा में अवैध धूम्रपान सामग्री जब्त की गई।
जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर उमेश ओझा एवं वृत्ताधिकारी नगर पूर्व छवि शर्मा के सुपरविजन में सूरजपोल थाना पुलिस ने यह कार्रवाई की।
मोबाइल दुकान पर एमडीएमए की सप्लाई: 4 अक्टूबर को सूरजपोल पुलिस एवं डीएसटी की संयुक्त टीम ने गुलाब बाग रोड स्थित मातेश्वरी मोबाइल की दुकान पर दबिश दी। यहां नशीले पदार्थों का कारोबार करने के आरोप में हीर सिंह, उम्र 36 वर्ष, निवासी जालोर और राजेंद्र, उम्र 24 वर्ष, निवासी माछला मगरा, उदयपुर को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार हीर सिंह के पास से 5.04 ग्राम तथा राजेंद्र से 3 ग्राम अवैध एमडीएमए बरामद हुआ। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की जांच की जा रही है।
बस स्टैंड पर 82 कैन बीयर पकड़ी: 5 अक्टूबर को पुलिस ने उदियापोल स्थित रोडवेज बस स्टैंड पर घेराबंदी कर गुजरात निवासी दो महिला तस्करों राधाबेन सलाट एवं दीवाली बेन को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से किंगफिशर स्ट्रॉन्ग बीयर की 82 कैन बरामद हुईं। पुलिस के अनुसार बीयर का अवैध रूप से परिवहन किया जा रहा था। दोनों के खिलाफ राजस्थान आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया।
अवैध धूम्रपान सामग्री पर कार्रवाई: 5 और 6 अक्टूबर को सूरजपोल थाना क्षेत्र में अवैध एवं बिना वैधानिक चेतावनी वाली धूम्रपान सामग्री बेचने वालों के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान मोहम्मद इरफान निवासी इंदिरा नगर, उदयपुर, मोहन लाल माली निवासी ओबरी, डूंगरपुर और समीर खान निवासी खांजीपीर, उदयपुर को अवैध सामग्री बेचते पकड़ा गया। इनके खिलाफ राजस्थान धूम्रपान अधिनियम के तहत मामले दर्ज किए गए।
बस स्टैंड से 39 किलो से ज्यादा डोडा चूरा: 6 अक्टूबर को उदियापोल रोडवेज बस स्टैंड पर लावारिस हालत में पड़े दो संदिग्ध पार्सलों की तलाशी ली गई। पुलिस के अनुसार पार्सलों से कुल 39.100 किलोग्राम अवैध अफीम डोडा चूरा बरामद हुआ। पुलिस ने अज्ञात तस्करों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर पार्सल यहां पहुंचाने वाले आरोपियों की पहचान और तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के साथ मादक पदार्थों की सप्लाई से जुड़े नेटवर्क और इनके बैकवर्ड-फॉरवर्ड लिंकेज की जांच में जुटी है।

