पहाड़ी इलाकों में 11 क्विंटल से ज्यादा गांजा-भांग की खेती नष्ट
Share
पुलिस ने 1149.500 किलो हरे पौधे किए जब्त, मांडवा थाना क्षेत्र में 7 अलग-अलग मामले दर्ज
उदयपुर, 6 अक्टूबर : उदयपुर पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध खेती के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मांडवा थाना क्षेत्र के दुर्गम पहाड़ी इलाकों में की जा रही गांजा और भांग की खेती को नष्ट किया। पुलिस टीम ने मौके से कुल 1149.500 किलोग्राम वजन के हरे गांजा और भांग के पौधे जब्त किए। इनमें 17.450 किलोग्राम गांजा और 1132.050 किलोग्राम भांग के पौधे शामिल हैं।
जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय मुकुल शर्मा तथा वृत्ताधिकारी कोटड़ा डूंगर सिंह के निकट सुपरविजन में मांडवा थानाधिकारी मूंगलाराम और डीएसटी प्रभारी पुलिस निरीक्षक चंद्रभान सिंह के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार मुखबिर से मिली पुख्ता सूचना पर मांडवा थाना क्षेत्र के मौजा साड़ी के बेहद दुर्गम पहाड़ी इलाकों में तड़के सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। नदी फला साड़ी के पहाड़ी क्षेत्र में तलाशी के दौरान कविताराम पुत्र हगाराम, नकलाराम पुत्र सरवर, होलाराम पुत्र धर्मा, किरण पुत्र मनिया, राविया पुत्र हगाराम तथा नारायण पुत्र बाबू के खेतों में बड़े पैमाने पर अवैध रूप से गांजा और भांग की खेती होती मिली।
दुर्गम पहाड़ियों में छिपाकर कर रहे थे खेती: पुलिस के पहुंचने पर पहाड़ी क्षेत्र में बड़े पैमाने पर अवैध फसल लहलहाती मिली। पुलिस के अनुसार तस्करों ने पुलिस की नजरों से बचने के लिए दुर्गम पहाड़ी इलाकों को अवैध खेती का ठिकाना बनाया था। टीम ने पूरी फसल को उखाड़कर मौके से जब्त किया।
7 अलग-अलग मामले दर्ज: कार्रवाई के बाद मांडवा थाने में सात अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए गए। इनमें एक मामला एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत तथा छह मामले भांग से संबंधित धारा 16/54 आबकारी अधिनियम में दर्ज किए गए हैं। पुलिस अब अवैध खेती और तस्करी के नेटवर्क से जुड़े मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

