बड़गांव गांव में देर रात घुसा 6 फीट लंबा मगरमच्छ
Share
दो घंटे की मशक्कत के बाद किया रेस्क्यू
उदयपुर, 9 अक्टूबर: बड़गांव क्षेत्र के बड़गांव गांव में गुरुवार देर रात करीब 6 फीट लंबा मगरमच्छ आबादी क्षेत्र में घुस आने से ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। मगरमच्छ पास की नाड़ी से निकलकर गांव के बीच पंचायत के पास पहुंच गया। आबादी के बीच मगरमच्छ दिखाई देने पर ग्रामीणों में दहशत फैल गई और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
ग्रामीणों ने इसकी सूचना वन विभाग की वन्यजीव रेस्क्यू टीम को दी। सूचना पर नारायण सिंह के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। टीम ने स्थिति का जायजा लेने के बाद ग्रामीणों की मदद से करीब दो घंटे की मशक्कत कर मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़ लिया। रेस्क्यू के बाद मगरमच्छ को सायरा तालाब में छोड़ दिया गया।
रेस्क्यू टीम में नारायण सिंह, जितेंद्र सिंह, वीरेंद्र सिंह, तेज सिंह और सुनील सहित अन्य लोग शामिल रहे। सामाजिक कार्यकर्ता लाला भाई ने भी रेस्क्यू अभियान में सहयोग किया। आबादी क्षेत्र में मगरमच्छ आने की घटना के बाद ग्रामीणों में वन्यजीवों की मौजूदगी को लेकर सतर्कता बढ़ गई है।

