LOADING

Type to search

राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया का उदयपुर पहुंचने पर स्वागत

Local

राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया का उदयपुर पहुंचने पर स्वागत

Share

13 अक्टूबर को 83वां जन्मदिन मनाएंगे कटारिया, मंदिरों में अभिषेक-पूजन और शाम को सम्मान समारोह व स्नेह भोज
उदयपुर, 10 अक्टूबर:
पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाबचंद कटारिया का शनिवार सुबह 11:25 बजे डबोक स्थित महाराणा प्रताप एयरपोर्ट पर आगमन हुआ। यहां प्रशासन की ओर से उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। भाजपा कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों और समाजजनों ने उनका स्वागत किया। टर्मिनल से बाहर आते ही कार्यकर्ताओं ने भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारे लगाए।
भाजपा मीडिया संभाग प्रभारी चंचल कुमार अग्रवाल ने बताया कि कटारिया ने उपस्थित कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों और समाजजनों का अभिवादन स्वीकार किया। इस अवसर पर शहर विधायक ताराचंद जैन, वल्लभनगर विधायक उदयलाल डांगी, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य रवींद्र श्रीमाली, चंद्रगुप्त सिंह चौहान, पूर्व महापौर रजनी डांगी, डॉ. किरण जैन, पूर्व जिला प्रमुख शांतिलाल मेघवाल, आकाश बागरेचा सहित भाजपा के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
मंदिरों में पूजा-अर्चना, शाम को सम्मान समारोह
भाजपा पूर्व जिला महामंत्री एवं कार्यक्रम संयोजक किरण जैन ने बताया कि कटारिया का 83वां जन्मदिन सोमवार, 13 अक्टूबर को मनाया जाएगा। कार्यक्रमों की शुरुआत सुबह 8:30 बजे माछला मंगरा स्थित त्र्यंबकेश्वर महादेव मंदिर में महाभिषेक और पूजन से होगी। सुबह 9:30 बजे सर्वऋतु विलास स्थित सगसजी बावजी के दर्शन किए जाएंगे। सुबह 10:30 बजे उदयपुर विकास प्राधिकरण के समीप नीलकंठ महादेव मंदिर में रुद्राभिषेक होगा। सुबह 11:30 बजे बोहरा गणेशजी मंदिर में महाआरती और प्रसाद वितरण किया जाएगा।
भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी के विशेष आमंत्रित सदस्य अतुल चंडालिया ने बताया कि शाम 4:30 बजे शोभागपुरा स्थित 100 फीट रोड के सॉलिटेयर गार्डन में सम्मान समारोह और स्नेह भोज आयोजित होगा। इसमें उदयपुर शहर, देहात और संभाग के कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि तथा विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि शामिल होंगे।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *