LOADING

Type to search

पंचायतीराज चुनाव: नामांकन के लिए चार दिन शेष, प्रत्याशियों की सूची पर नजरें

political

पंचायतीराज चुनाव: नामांकन के लिए चार दिन शेष, प्रत्याशियों की सूची पर नजरें

Share

कांग्रेस 12 अक्टूबर को जारी कर सकती है सूची, भाजपा आखिरी समय तक बनाए रख सकती है सस्पेंस; जिला प्रमुख की कुर्सी के लिए दिग्गजों की दावेदारी
उदयपुर, 10 अक्टूबर:
पंचायतीराज चुनाव के पहले चरण में नामांकन की अंतिम तिथि 13 अक्टूबर है। ऐसे में प्रत्याशियों के नामों को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। कांग्रेस 12 अक्टूबर तक उम्मीदवारों की सूची जारी कर सकती है, जबकि भाजपा निकाय चुनाव की तर्ज पर आखिरी समय तक प्रत्याशियों के नामों पर सस्पेंस बनाए रख सकती है। हालांकि, भाजपा की ओर से संभावित उम्मीदवारों को फोन के जरिए संकेत दिए जाने की चर्चा है।
उदयपुर जिले में पहले चरण में 10 पंचायत समितियों की 284 ग्राम पंचायतों में चुनाव होंगे। इस चरण में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए 22 अक्टूबर को मतदान होगा। वहीं, ग्राम पंचायतों में सरपंच और वार्ड पंच के चुनाव 24 अक्टूबर को होंगे। जिला प्रमुख का पद अनारक्षित होने से दोनों प्रमुख दलों में दावेदारों की संख्या बढ़ गई है।
जिला प्रमुख की दौड़ में कई दिग्गज
भाजपा देहात जिलाध्यक्ष पुष्कर तेली भी जिला परिषद सदस्य का चुनाव लड़कर जिला प्रमुख की दौड़ में शामिल होने की तैयारी में हैं। बताया जा रहा है कि वे अनुकूल वार्ड की तलाश में हैं। विधानसभा चुनाव लड़ चुके हिम्मत सिंह झाला और कृष्णगोपाल पालीवाल के नाम भी संभावित दावेदारों में चर्चा में हैं। इनके अलावा चन्द्रगुप्त सिंह चौहान, भंवरसिंह पंवार, तख्तसिंह शक्तावत, ललित सिंह सिसोदिया, मयूरध्वज सिंह और अमित पालीवाल के चुनाव लड़ने की संभावना जताई जा रही है।
कांग्रेस में पर्यवेक्षक के साथ मंथन
कांग्रेस में उम्मीदवारों के नामों पर चर्चा के लिए नियुक्त पर्यवेक्षक और विधायक रोहित बोहरा उदयपुर पहुंचे हैं। देहात कांग्रेस अध्यक्ष रघुवीर सिंह मीणा ने बताया कि पर्यवेक्षक के साथ बैठक में प्रत्याशियों के नामों पर विचार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पार्टी की सूची 12 अक्टूबर को जारी की जा सकती है।
वार्ड-17 से नारूलाल गाडरी ने भरा नामांकन
वल्लभनगर पंचायत समिति के वार्ड नंबर 17 से कांग्रेस उम्मीदवार नारूलाल गाडरी ने शुक्रवार को नामांकन दाखिल किया। पहले चरण में झाड़ोल, फलासिया, ओगणा, गिर्वा, नाई, मावली, घासा, वल्लभनगर, भींडर और कुराबड़ पंचायत समितियां शामिल हैं। इस चरण में 826 मतदान केंद्रों पर मतदान होगा।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *