LOADING

Type to search

राणा प्रताप नगर स्टेशन पर महिला का सुरक्षित प्रसव, जच्चा-बच्चा स्वस्थ

Health

राणा प्रताप नगर स्टेशन पर महिला का सुरक्षित प्रसव, जच्चा-बच्चा स्वस्थ

Share

प्लेटफॉर्म-2 पर प्रसव पीड़ा की सूचना मिलते ही पहुंची रेलवे मेडिकल टीम, एम्बुलेंस से एमबी अस्पताल भेजा
उदयपुर, 15 अक्टूबर:
राणा प्रताप नगर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर रेलवे चिकित्सा टीम ने तत्परता दिखाते हुए एक गर्भवती महिला का सुरक्षित प्रसव कराया। प्रसव के बाद जच्चा और बच्चा दोनों स्वस्थ हैं। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को आगे की देखभाल के लिए एम्बुलेंस से महाराणा भूपाल राजकीय अस्पताल भेजा गया।
रेलवे प्रशासन के अनुसार 14 अक्टूबर को सुबह 10.55 बजे स्टेशन अधीक्षक को आपातकालीन कॉल के जरिए सूचना मिली कि ट्रेन संख्या 19602 से आई एक महिला यात्री को प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर तेज प्रसव पीड़ा हो रही है। महिला की पहचान बड़गांव, उदयपुर निवासी रश्मि, पत्नी रतन प्रताप सिंह यादव के रूप में हुई।
सूचना मिलते ही राणा प्रताप नगर रेलवे अस्पताल के प्रभारी डॉ. महेश चंद मीणा के निर्देश पर मेडिकल टीम एम्बुलेंस सहित मौके पर पहुंची। टीम में स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. वीना गुप्ता, मुख्य नर्सिंग अधीक्षक राकेश शर्मा और ड्रेसर हरकेश मीणा शामिल थे। टीम ने तत्काल आवश्यक चिकित्सा व्यवस्था की और प्लेटफॉर्म पर ही सुरक्षित प्रसव कराया।
प्रसव के बाद मां और नवजात को प्राथमिक उपचार देकर एमबी राजकीय अस्पताल पहुंचाया गया। रेलवे प्रशासन के अनुसार, मंडल रेल प्रबंधक राजू भूतड़ा ने चिकित्सा टीम की त्वरित और सूझबूझपूर्ण कार्रवाई की सराहना की। स्टेशन पर मौजूद यात्रियों और महिला के परिजनों ने भी टीम के प्रयासों की प्रशंसा की।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *