LOADING

Type to search

सीए इंटर परीक्षा में ऋषिका विरानी की ऑल इंडिया 47वीं रैंक

education

सीए इंटर परीक्षा में ऋषिका विरानी की ऑल इंडिया 47वीं रैंक

Share


निंबाहेड़ा: निंबाहेड़ा की ऋषिका विरानी ने इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (आईसीएआई) की सीए इंटरमीडिएट परीक्षा में ऑल इंडिया 47वीं रैंक हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। ऋषिका ने पहले ही प्रयास में दोनों ग्रुप पास किए। उन्हें कुल 600 में से 437 अंक मिले और आधिकारिक परिणाम में ‘सक्सेसफुल विद डिस्टिंक्शन’ घोषित किया गया। ऋषिका ने ग्रुप-1 में 219 और ग्रुप-2 में 218 अंक हासिल किए। उनकी सफलता से परिवार में खुशी का माहौल है। पिता सौरभ विरानी सहित परिजनों ने उपलब्धि पर प्रसन्नता जताई। स्थानीय लोगों ने भी ऋषिका को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

लूट का विरोध करने पर युवक पर चाकू से हमला, 30 टांके आए
बांसवाड़ा:
सदर थाना क्षेत्र के पलोदरा गांव के रास्ते पर लूट का विरोध करने पर बाइक सवार तीन बदमाशों ने विनोद डामोर पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके शरीर पर चार जगह घाव आए, जिन पर करीब 30 टांके लगाए गए हैं। फिलहाल महात्मा गांधी अस्पताल में उसका उपचार जारी है। फाइनेंस कंपनी में कार्यरत विनोद मंगलवार शाम करीब आठ बजे बांसवाड़ा से अपने मामा मणिलाल खराड़ी के घर पलोदरा जा रहा था। रास्ते में तीन बदमाशों ने बाइक आगे लगाकर उसे रोक लिया और मोबाइल, नकदी व बाइक लूटने की कोशिश की। विरोध करने पर चाकू से चार वार किए और बाइक की चाबी लेकर फरार हो गए। परिजन उसे अस्पताल ले गए।

सलूंबर में पिंजरे में कैद हुआ दो साल का नर तेंदुआ
सलूंबर:
सलूंबर जिले की खडदेवती घाटी में वन विभाग ने पिंजरे में करीब दो वर्ष के नर तेंदुए को पकड़ने में सफलता हासिल की है। क्षेत्र में तेंदुए की लगातार गतिविधियां सामने आने और शिकार की घटनाओं के बाद विभाग ने नाका पलोदड़ा क्षेत्र में पिंजरा लगाया था। इसी में तेंदुआ कैद हो गया। नाका प्रभारी राहुल पटेल ने बताया कि क्षेत्र में तेंदुए की मौजूदगी और शिकार की घटनाओं को देखते हुए पिंजरा लगाया गया था। वन विभाग ने ग्रामीणों से वन्यजीव दिखाई देने पर उसके नजदीक नहीं जाने, उसे घेरने या परेशान नहीं करने की अपील की है। ऐसी स्थिति में तत्काल विभाग को सूचना देने को कहा गया है।

मानगढ़ धाम को राष्ट्रीय स्मारक घोषित करने की मांग
प्रतापगढ़:
मानगढ़ धाम को राष्ट्रीय स्मारक घोषित करने और इसके संरक्षण के लिए ठोस योजना बनाने की मांग को लेकर राजस्थान वनवासी कल्याण परिषद एवं वनवासी कल्याण आश्रम के पदाधिकारियों ने गुरुवार को जिला कलेक्टर के माध्यम से राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया कि गोविंद गुरु के भगत आंदोलन ने जनजातीय समाज में सुधार और राष्ट्रीय चेतना जगाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। 17 नवंबर 1913 को मानगढ़ पहाड़ी पर अंग्रेजों की गोलीबारी में अनेक जनजातीय महिला, पुरुष और बच्चों ने प्राण गंवाए थे। ज्ञापन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 1 नवंबर 2022 की यात्रा और राष्ट्रपति की 4 अक्टूबर 2024 को बलिदानियों को श्रद्धांजलि देने का भी उल्लेख किया गया। इस दौरान मदन लाल गर्ग, रामचंद्र मीणा सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *