खेरवाड़ा में सूने मकानों को निशाना बनाने वाली गैंग का खुलासा, दो गिरफ्तार
Share
ताला तोड़कर सोना-चांदी और नकदी चुराते थे आरोपी, उदयपुर के कई थाना क्षेत्रों में वारदातें करना कबूला
उदयपुर, 22 अक्टूबर : खेरवाड़ा पुलिस ने सूने मकानों के ताले तोड़कर चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी दिन और रात में बंद मकानों की रेकी कर उनमें चोरी करते थे। पूछताछ में उन्होंने खेरवाड़ा के अलावा भींडर, अंबामाता और उदयपुर शहर के अन्य थाना क्षेत्रों में भी वारदातें करना स्वीकार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी का माल बरामद किया गया है। पुलिस उनसे अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है।
छह दिन बाद घर लौटा तो टूटा मिला ताला
पुलिस के अनुसार शक्तिनगर, खेरवाड़ा निवासी नरेंद्र भाटिया 4 अक्टूबर को घर पर ताला लगाकर ससुराल गए थे। 10 अक्टूबर को लौटे तो मकान का ताला टूटा मिला। घर से सोने की दो चेन, चांदी की चूड़ियां, चांदी की पायजेब, सोने की दो अंगूठियां और एक लाख रुपए नकद गायब थे। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों से पकड़े गए आरोपी
पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रजत बिश्नोई और वृत्ताधिकारी अर्जुन सिंह राठौड़ के सुपरविजन में थानाधिकारी मनमंथ आढ़ा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से जांच करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान महेंद्र उर्फ थेपड़ी (22), निवासी इंद्रा कॉलोनी, चुंगीनाका, गोवर्धनविलास, उदयपुर और लक्की नाथ (18), निवासी भुवाणा, सुखेर, उदयपुर के रूप में हुई है।
वारदात के दौरान मोबाइल नहीं करते थे इस्तेमाल
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे सूने मकानों को निशाना बनाकर ताले तोड़ते और सोने-चांदी के आभूषण व नकदी चुरा लेते थे। पुलिस का कहना है कि पकड़े जाने और तकनीकी साक्ष्यों से बचने के लिए आरोपी वारदात के दौरान मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करते थे। मामले में आगे की जांच जारी है।

