अब घर-घर पहुंचेगी डूंगरपुर नगर परिषद की टीम, चार योजनाओं का मिलेगा लाभ
Share
आवास से सोलर तक योजनाओं के आवेदन और पंजीयन में करेगी मदद
डूंगरपुर, 22 अक्टूबर : सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए अब डूंगरपुर नगर परिषद की टीम घर-घर पहुंचेगी। वार्डवार अभियान के तहत पात्र परिवारों को प्रधानमंत्री स्वनिधि, प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी 2.0, सुकन्या समृद्धि और प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की जानकारी देने के साथ आवेदन व पंजीयन में मदद की जाएगी। सभापति सुशीला गुप्ता ने गुरुवार को वार्ड कर्मचारियों की बैठक लेकर अभियान के निर्देश दिए। स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर एवं पूर्व सभापति केके गुप्ता के मार्गदर्शन में चलने वाले अभियान का उद्देश्य पात्र लोगों को योजनाओं से जोड़ना है। स्वनिधि योजना में पात्र पथ विक्रेताओं को चरणबद्ध तरीके से 50 हजार रुपए तक ऋण, जबकि आवास योजना में पात्र परिवारों को मकान निर्माण के लिए 2.50 लाख रुपए तक सहायता मिल सकती है। सुकन्या समृद्धि योजना के तहत 10 वर्ष से कम उम्र की बेटी का खाता न्यूनतम 250 रुपए से खुलवाया जा सकता है। वहीं, सूर्य घर योजना में घरेलू सोलर सिस्टम पर क्षमता के अनुसार अधिकतम 78 हजार रुपए तक केंद्रीय सब्सिडी का प्रावधान है। नगर परिषद पार्षदों के सहयोग से पात्र परिवारों की पहचान करेगी। जरूरत के अनुसार वार्डों में शिविर लगाकर दस्तावेज तैयार करने और आवेदन प्रक्रिया में भी सहायता दी जाएगी।

