LOADING

Type to search

बीएड कॉलेज में रिश्वतखोरी का खेल, डायरेक्टर-लेक्चरर सहित तीन गिरफ्तार

crime

बीएड कॉलेज में रिश्वतखोरी का खेल, डायरेक्टर-लेक्चरर सहित तीन गिरफ्तार

Share

रिलीविंग लेटर और उपस्थिति के बदले प्रति विद्यार्थी 20 हजार की मांग, शिक्षक 5 हजार रुपए लेते रंगे हाथों पकड़ा
बांसवाड़ा, 23 अक्टूबर:
बांसवाड़ा के बड़ोदिया स्थित ग्लोबल बीएड कॉलेज में विद्यार्थियों की उपस्थिति दर्ज करने और इंटर्नशिप का रिलीविंग लेटर जारी करने के बदले रिश्वत मांगने के मामले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने कॉलेज डायरेक्टर सहित तीन जनों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर प्रति विद्यार्थी 20 हजार रुपए मांगने का आरोप है। शुक्रवार को कार्रवाई के दौरान कॉलेज का शिक्षक भूपेंद्र जैन एक विद्यार्थी से 5 हजार रुपए लेते रंगे हाथों पकड़ा गया।
शिकायत के सत्यापन के बाद कार्रवाई
एसीबी के अनुसार, 21 और 22 अक्टूबर को रिश्वत मांगने संबंधी शिकायत का सत्यापन किया गया। इसमें कॉलेज डायरेक्टर सिद्धांत जैन, राजनीतिक विज्ञान की लेक्चरर सुनीता जैन और रसायन विज्ञान के शिक्षक भूपेंद्र जैन की भूमिका सामने आई। इसके बाद एसीबी उदयपुर रेंज के प्रभारी पुलिस अधीक्षक पीयूष दीक्षित के सुपरविजन में कार्रवाई की गई। एसीबी बांसवाड़ा के उप अधीक्षक रतन सिंह राजपुरोहित के नेतृत्व में टीम ने ट्रैप किया।
शिक्षक को पकड़ने के बाद डायरेक्टर-लेक्चरर भी गिरफ्तार
कार्रवाई के दौरान भूपेंद्र जैन को शिकायतकर्ता से 5 हजार रुपए लेते पकड़ा गया। एसीबी ने रिश्वत मांगने के मामले में डायरेक्टर सिद्धांत जैन और लेक्चरर सुनीता जैन को भी गिरफ्तार कर लिया। जानकारी के अनुसार, सिद्धांत जैन कॉलेज का मालिक भी है। कॉलेज में करीब 600 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस स्मिता श्रीवास्तव के सुपरविजन में आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच जारी है।

Tags:

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *