बाइक रैली और हस्ताक्षर अभियान से नशामुक्ति का संदेश
Share
फतहसागर पर पुलिस अधिकारियों ने किया पोस्टर विमोचन, युवाओं ने नशे से दूर रहने का लिया संकल्प
उदयपुर, 24 अक्टूबर: नशामुक्त समाज के निर्माण और युवाओं को नशे से दूर रहने के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से उदयपुर में शनिवार को बाइक रैली, हस्ताक्षर अभियान और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से जागरूकता का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों, सशस्त्र बलों के जवानों, विद्यार्थियों और शहरवासियों ने भाग लेकर नशामुक्त जीवन का संकल्प लिया।
राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर गुजरात के केवड़िया स्थित स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पर होने वाले मुख्य समारोह में शामिल होने के लिए बैंक रैली फतहसागर से गांधी ग्राउंड के लिए रवाना हुई। अखिल भारतीय मोटरसाइकिल रैली अभियान के तहत दो दिनों तक उदयपुर में विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं। रैली के सदस्य शुक्रवार शाम अजमेर से उदयपुर पहुंचे थे। सुखेर थाना क्षेत्र स्थित बीएसएफ कैंप में उनका पारंपरिक मेवाड़ी अंदाज में स्वागत किया गया। पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन ने रैली के टीम लीडर एवं एनएसजी के आईजी अमित पाठक सहित अन्य अधिकारियों का स्वागत किया। रैली सदस्यों को मेवाड़ी साफा पहनाकर और उपरना ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।
फतहसागर पर पोस्टर विमोचन
शहर के विद्या भवन परिसर में शनिवार सुबह नशामुक्ति संवाद आयोजित किया गया। इसके बाद फतहसागर पाल पर मुख्य समारोह में पुलिस महानिरीक्षक गौरव श्रीवास्तव और पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन सहित अधिकारियों ने जागृति युवा चेतना एवं नशामुक्त जीवन अभियान के विशेष पोस्टरों का विमोचन किया। यूनिसेफ के सहयोग से आयोजित हस्ताक्षर अभियान में लोगों ने नशे से दूर रहने और समाज में जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। युवाओं को जागरूक करने के लिए विशेष फोटो बूथ भी तैयार किया गया। इस पर ‘हाथ में हुनर, आंखों में सपने, नशे से दूर रहें अपने’ और ‘नशे का त्याग, खुशियों का आगाज’ जैसे संदेश प्रदर्शित किए गए। विद्यार्थियों और अभियान से जुड़े सदस्यों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों को प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में पुलिस अधिकारी, रैली सदस्य, विद्यार्थी और स्थानीय नागरिक शामिल हुए।

