LOADING

Type to search

बन्नो म्हारो चारभुजा रो नाथ बन्नी म्हारी तुलजा लाडली…

dharm

बन्नो म्हारो चारभुजा रो नाथ बन्नी म्हारी तुलजा लाडली…

Share

उत्तरी सुंदरवास में भोर तक चली भजन संध्या, भजनों पर झूमे श्रद्धालू
उदयपुर, 25 अक्टूबर:
शहर के उत्तरी सुंदरवास में शनिवार रात को गायक कलाकारों ने भजनों की ऐसी सरिता बहाई कि भोर तक श्रद्धालू डुबकियां लगाते रहे। कलाकारों की एक से बढक़र एक प्रस्तुतियों के आगे सैकड़ों श्रोता-दर्शक झूमने को मजबूर हो गए। शिवकुंज चौक में तीन बाणधारी सेवा समिति की ओर से आयोजित ‘एक शाम सांवलियासेठ व खाटूश्याम के नाम’ आयोजन के तहत भगवान सांवलिया सेठ और खाटू श्याम के भव्य दरबार सजाए गए। दोनों विग्रह का फूलों और आभूषणों से शृंगार किया गया। कार्यक्रम के अतिथि उद्योगपति धीरेन्द्र सच्चान व मनोहरपुरा बडग़ांव से ओमप्रकाश काबरा थे। आरती के साथ भजन संध्या की शुरुआत प्रसिद्ध भजन गायक जगदीश वैष्णव ने की। उन्होंने ‘बन्नो म्हारो चारभुजा रो नाथ बन्नी म्हारी तुलजा लाडली…’, ‘कंचन वाली काया’ सहित भजनों की ऐसी झडिय़ां लगाई कि शुरुआत में ही श्रद्धालु उत्साह से झूम उठे। श्रद्धालुओं ने हाथ उठा-उठाकर ठाकुरजी के जयकारों से सुंदरवास को गुंजायमान कर दिया। इसके बाद काले रंग की धोती कुर्ते में आए जीतू धोरा ने खाटू श्याम के भजनों पर देर रात तक भक्तों को झुमाया। उन्होंने भोलेनाथ के भजन भी पेश किए। संध्या में ऋषभ पंडित, शिवम्-संजू की जोड़ी, तेजस्वी राव ने देर रात्रि तीन बजे तक भजनों की सरिता बहाई। भजनों का आनंद लेने के लिए श्रद्धालुओं के चलते चौक ठसाठस भर गया। इस मौके पर भक्तों के लिए खीर और केले का प्रसाद भी वितरित किया गया। कार्यक्रम के दौरान पूरे चौक में आकर्षक विद्युत सज्जा की गई। युवाओं ने बढ़चढक़र सहयोग किया। जीएसएस ग्रुप की ओर से दरबार सेवा, साउण्ड सेवा मां हिंगलाज साउंड और लाइव प्रसारण सेवा बालाजी की ओर से की गई।

Tags:

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *