सोशल मीडिया लिंक खोलते ही बुजुर्ग के खाते से 1.73 लाख पार
Share
दो दिन में दो बार निकली राशि, बैंक से ट्रांजेक्शन के अलर्ट भी नहीं मिले; हिरणमगरी थाने में मामला दर्ज
उदयपुर, 25 अक्टूबर: सोशल मीडिया पर अनजान लिंक खोलना एक बुजुर्ग को भारी पड़ गया। हिरणमगरी थाना क्षेत्र में फेसबुक पर टीवी से संबंधित लिंक खोलने के बाद उनके बैंक खाते से दो दिन में 1 लाख 73 हजार 800 रुपए निकल गए। खास बात यह रही कि दोनों बार खाते से राशि कटने का बैंक अलर्ट भी नहीं मिला। पीड़ित की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, सेक्टर-4 स्थित विद्या नगर निवासी दिनेश पोरवाल ने रिपोर्ट में बताया कि 21 अक्टूबर को फेसबुक पर टीवी से संबंधित एक लिंक आया था। लिंक खोलने के कुछ समय बाद उनके आईसीआईसीआई बैंक खाते से 97 हजार रुपए निकल गए। अगले दिन खाते से 76 हजार 800 रुपए और कट गए। बैंक जाने पर उन्हें खाते से राशि निकलने का पता चला।
अनजान लिंक से रहें सावधान
साइबर विशेषज्ञ डीएसपी श्यामसिंह रत्नू ने सलाह दी कि सोशल मीडिया पर मिले अनजान लिंक न खोलें और संदिग्ध वेबसाइट पर बैंक या कार्ड संबंधी जानकारी साझा न करें। खाते से राशि कटने का अलर्ट नहीं मिलने पर बैंक स्टेटमेंट जांचें और बैंक में मोबाइल नंबर व अलर्ट सुविधा की पुष्टि करें। ठगी होने पर तत्काल बैंक को सूचित करें और साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं। पुलिस साइबर विशेषज्ञों की मदद से मामले की जांच कर रही है।

