28 साल की परंपरा, अब 29वें सामूहिक विवाह को भव्य बनाने की तैयारी
Share
झूलेलाल सेवा समिति की बैठक में बनी रूपरेखा, नवविवाहित जोड़ों को अधिक सामग्री देने और परिवारों को जोड़ने पर जोर
उदयपुर, 25 अक्टूबर: सिंधी समाज की 28 वर्षों से चली आ रही सामूहिक विवाह की परंपरा को इस बार भव्य और आधुनिक स्वरूप देने की तैयारी है। झूलेलाल सेवा समिति के तत्वावधान में होने वाले 29वें सामूहिक विवाह को यादगार बनाने के लिए समाज के पदाधिकारियों ने तैयारियों पर मंथन किया। आयोजन का उद्देश्य विवाह योग्य युवक-युवतियों के विवाह को गरिमामय बनाते हुए परिवारों पर आर्थिक बोझ कम करना और सामाजिक एकता को मजबूत करना है।
शक्तिनगर स्थित झूलेलाल भवन में आयोजित बैठक में समिति अध्यक्ष दादा प्रताप राय चुग ने कहा कि सामूहिक विवाह जरूरतमंद परिवारों को सहयोग देने और समाज को एक सूत्र में बांधने का महत्वपूर्ण माध्यम है। समिति इस परंपरा को पिछले 28 वर्षों से निरंतर आगे बढ़ा रही है।
पूर्व राज्य मंत्री एवं सिंधी समाज जेएसपी अध्यक्ष हरीश राजानी ने कहा कि इस बार आयोजन की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के साथ नवविवाहित जोड़ों को दी जाने वाली सामग्री अधिक व्यवस्थित ढंग से तैयार करने और पहले से अधिक सामग्री उपलब्ध कराने का प्रयास रहेगा। उन्होंने समाज के युवाओं और परिवारों से सामूहिक विवाह अभियान से जुड़ने का आह्वान किया।
बैठक में अधिकाधिक परिवारों तक आयोजन की जानकारी पहुंचाने, युवाओं की भागीदारी बढ़ाने और विवाह संबंधी व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने पर चर्चा हुई। इस अवसर पर राजेश चुग, कमल पाहूजा, भारत खत्री, हरीश सिधवानी, किशोर सिधवानी, सुरेश चावला, गोपाल मेहता और अशोक लिंजारा सहित समाजजन उपस्थित रहे।

