LOADING

Type to search

सागवाड़ा विधायक का बेटा जीता, सांसद रोत के काका हारे

political

सागवाड़ा विधायक का बेटा जीता, सांसद रोत के काका हारे

Share

232 पंचायतों में 82.39 प्रतिशत मतदान, पूर्व प्रधान निमिषा भगोरा को 600 वोट से शिकस्त; दो पंचायतों में एक वोट से हार-जीत
उदयपुर/डूंगरपुर, 25 अक्टूबर:
डूंगरपुर जिले की सात पंचायत समितियों की 232 ग्राम पंचायतों में सरपंच चुनाव के नतीजों में कहीं राजनीतिक परिवारों का दबदबा कायम रहा तो कहीं दिग्गजों को हार का सामना करना पड़ा। पहले चरण में 82.39 प्रतिशत मतदान हुआ। सागवाड़ा विधायक शंकरलाल डेचा के बेटे राहुल डामोर ने डेचा पंचायत में जीत दर्ज की, जबकि बीएपी सांसद राजकुमार रोत के काका सोहनलाल चुनाव हार गए। पूर्व सांसद ताराचंद भगोरा की भतीजा बहू एवं पूर्व प्रधान निमिषा भगोरा को भी हार का सामना करना पड़ा। दो पंचायतों में जीत-हार का फैसला महज एक-एक वोट से हुआ।
डेचा में सातवीं बार विधायक परिवार की जीत
सागवाड़ा पंचायत समिति की डेचा पंचायत में विधायक शंकरलाल डेचा के परिवार का करीब 30 साल पुराना दबदबा बरकरार रहा। उनके बेटे राहुल डामोर ने निकटतम प्रतिद्वंद्वी राकेश को 340 मतों से हराया। इसके साथ ही परिवार ने लगातार सातवीं बार सरपंच पद पर जीत दर्ज की।
सांसद के काका और पूर्व प्रधान को हार
खरवर खुनिया पंचायत में सांसद राजकुमार रोत के काका सोहनलाल को भगवतीलाल खराड़ी ने 15 मतों से हराया। सीमलवाड़ा पंचायत में पूर्व प्रधान निमिषा भगोरा को कलावती ने 600 मतों से शिकस्त दी। झोथरी पंचायत समिति की करावाड़ा पंचायत से पूर्व प्रधान अनिता रोत भी चुनाव हार गईं।
दो पंचायतों में एक वोट से फैसला
पाडवा पंचायत समिति की माविता पंचायत में मंजुला रोत ने एक वोट से जीत हासिल की। चिखली पंचायत समिति की कोचरी पंचायत में मानसिंह पारगी ने भी अपनी प्रतिद्वंद्वी को महज एक वोट से हराया। मतगणना देर रात से अलसुबह तक चली। परिणाम घोषित होने के बाद कई स्थानों पर विजयी प्रत्याशियों के समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों, आतिशबाजी और गुलाल के साथ जश्न मनाया। मतदान और मतगणना के दौरान कुछ जगह छिटपुट हंगामे की सूचना रही, लेकिन किसी बड़ी अप्रिय घटना की जानकारी नहीं मिली।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *