एनएच-48 पर खड़े ट्रक से टकराई बस, कंडक्टर की मौत
Share
पीछे से कार भी भिड़ी, दोनों वाहनों में सवार लोग घायल
डूंगरपुर, 25 अक्टूबर: बिछीवाड़ा थाना क्षेत्र में भुवाली के पास रविवार शाम नेशनल हाईवे-48 पर खड़े ट्रक से निजी ट्रेवल्स बस टकरा गई। हादसे में बस के कंडक्टर की मौत हो गई, जबकि यात्रियों को मामूली चोटें आईं। कुछ देर बाद पीछे से आई एक कार भी बस से टकरा गई, जिससे कार सवार घायल हो गए।
बिछीवाड़ा थानाधिकारी देवेंद्र देवल के अनुसार, आलू से भरा ट्रक उदयपुर से अहमदाबाद जा रहा था। भुवाली के पास खराब होने के कारण चालक ने उसे हाईवे किनारे खड़ा कर दिया था। इसी दौरान उदयपुर से गुजरात जा रही निजी बस ट्रक के पिछले हिस्से से टकरा गई। टक्कर बस की कंडक्टर साइड पर हुई। दरवाजे के पास बैठे कंडक्टर की हादसे में मौत हो गई।
बस की टक्कर के कुछ देर बाद पीछे से आ रही कार भी उससे भिड़ गई। इससे कार क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोगों को चोटें आईं।
सूचना पर बिछीवाड़ा पुलिस मौके पर पहुंची। कंडक्टर के शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया, जबकि बस के यात्री अन्य वाहनों से अपने गंतव्य के लिए रवाना हुए।

