फतहसागर की पाल पर वॉकाथॉन-साइक्लोथॉन से दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
Share
ब्रिक्स सतत जीवनशैली सप्ताह शुरू, नीमच माता वनखंड में किया पौधारोपण; 7 नवंबर तक होंगी गतिविधियां
उदयपुर, 1 नवंबर: पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी प्रयासों से नहीं, बल्कि आमजन की रोजमर्रा की आदतों में बदलाव से संभव है। पैदल चलना, साइकिल का उपयोग और प्राकृतिक संसाधनों का जिम्मेदारी से उपभोग स्वस्थ एवं टिकाऊ जीवनशैली की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। इसी संदेश के साथ रविवार को फतहसागर की पाल पर ब्रिक्स सतत जीवनशैली सप्ताह का शुभारंभ वॉकाथॉन और साइक्लोथॉन से हुआ।
राज्य सरकार के निर्देशानुसार जिला प्रशासन एवं जिला पर्यावरण समिति की ओर से देवाली गेट के समीप आयोजित कार्यक्रम की थीम ‘स्वस्थ जीवनशैली अपनाएं’ रखी गई। इसमें विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के विद्यार्थियों, खिलाड़ियों और अन्य प्रतिभागियों ने उत्साह से हिस्सा लिया। कार्यक्रम की शुरुआत मिशन लाइफ की शपथ के साथ हुई। प्रतिभागियों ने पर्यावरण संरक्षण और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।
जिला पर्यावरण समिति के सदस्य सचिव एवं उप वन संरक्षक उत्तर देवेंद्र कुमार तिवारी ने हरी झंडी दिखाकर वॉकाथॉन और साइक्लोथॉन को रवाना किया। रैली मोती मगरी गेट तक पहुंचकर संपन्न हुई। इस दौरान नियमित व्यायाम, पैदल चलने और साइकिल चलाने के महत्व के प्रति जागरूक किया गया।
वनखंड में लगाए विभिन्न प्रजातियों के पौधे
कार्यक्रम के दौरान नीमच माता वनखंड में पौधारोपण भी किया गया। यहां अमलतास, कचनार और स्पैथोडिया सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए। प्रतिभागियों को मिशन लाइफ के उद्देश्यों और प्रकृति संरक्षण की जानकारी दी गई। जिला खेल अधिकारी डॉ. महेश पालीवाल, सहायक वन संरक्षक राजेंद्र सिंह, मनीष मीणा और क्षेत्रीय वन अधिकारी यशपाल सिंह सहित अधिकारी मौजूद रहे। सप्ताह 7 नवंबर तक चलेगा। इस दौरान प्रतिदिन अलग-अलग विषयों पर गतिविधियां आयोजित कर टिकाऊ जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाई जाएगी।

