LOADING

Type to search

घर के बाहर चाय पी रही 75 वर्षीय बुजुर्ग पर लेपर्ड का हमला

Rajasthan

घर के बाहर चाय पी रही 75 वर्षीय बुजुर्ग पर लेपर्ड का हमला

Share

चेहरा और सिर बुरी तरह नोंचा, शरीर पर आए 50 टांके; गंभीर हालत में एमजी अस्पताल रेफर
बांसवाड़ा, 1 नवंबर:
बांसवाड़ा जिले में लेपर्ड के हमले की एक और घटना सामने आई है। कुशलगढ़ थाना क्षेत्र के सूरजकुंड गांव में घर के बाहर चारपाई पर बैठी 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला पर लेपर्ड ने अचानक हमला कर दिया। हमले में महिला का चेहरा, सिर, हाथ और पैर बुरी तरह जख्मी हो गए। गंभीर रूप से घायल महिला के शरीर पर करीब 50 टांके आए हैं। घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्र में दहशत फैल गई।
जानकारी के अनुसार सूरजकुंड निवासी कस्तुरी पत्नी नाथीया डामोर सुबह चाय पीने के बाद घर के बाहर बैठी थीं। इसी दौरान अचानक लेपर्ड वहां पहुंचा और बिना किसी आहट के उन पर हमला बोल दिया। अचानक हुए हमले से बुजुर्ग महिला को संभलने का मौका तक नहीं मिला। लेपर्ड ने उनके सिर, चेहरे, दोनों आंखों के आसपास, हाथों और पैरों पर पंजों से कई वार किए। इससे उनके शरीर पर गहरे घाव हो गए।
चीख-पुकार सुनकर जंगल की ओर भागा लेपर्ड
महिला की चीख-पुकार सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े। लोगों की आहट और भीड़ जुटने पर लेपर्ड महिला को छोड़कर जंगल की तरफ भाग गया। घटना के बाद परिजन उन्हें निजी वाहन से कुशलगढ़ अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बांसवाड़ा के महात्मा गांधी अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहां उनका उपचार जारी है।
महिला के पोते मनीष के अनुसार घटना के बाद परिवार के लोग भयभीत हैं। गांव में लेपर्ड की मौजूदगी को लेकर ग्रामीणों में चिंता बनी हुई है। आबादी क्षेत्र में इस तरह हमले की घटना ने ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *