थाने से महज एक किलोमीटर दूर स्कूली बस पर पथराव, तीन घायल
Share
जोधपुर से पिकनिक मनाने उदयपुर आ रहे थे 62 बच्चे, बस के कांच टूटे तो सीटों के नीचे छिपे
उदयपुर, 1 नवंबर: उदयपुर-गोगुंदा नेशनल हाईवे पर रविवार शाम बदमाशों ने स्कूली बच्चों से भरी बस पर पथराव कर दिया। बेकरिया थाने से महज एक किलोमीटर दूर हुई इस घटना में बस चालक, एक शिक्षक और एक विद्यार्थी घायल हो गए। अचानक हुए हमले से बस में सवार बच्चे दहशत में आ गए। पथराव से बस के कांच टूट गए और बच्चों ने सीटों से नीचे छिपकर जान बचाई।
घटना शाम करीब 4 बजे की है। जोधपुर के टैगोर पब्लिक स्कूल की दो बसों में 62 बच्चे और 10 स्कूली स्टाफ सदस्य उदयपुर पिकनिक मनाने आ रहे थे। इसी दौरान एक बस को निशाना बनाकर अज्ञात बदमाशों ने पत्थर फेंकने शुरू कर दिए। अचानक हुए हमले से बस में अफरा-तफरी मच गई। बच्चों की चीख-पुकार के बीच चालक जसवंत सिंह ने सूझबूझ दिखाते हुए बस की गति बढ़ाई और कुछ दूरी पर एक होटल के पास वाहन रोक दिया।
होटल संचालक ने बच्चों और स्टाफ को सुरक्षित स्थान पर बैठाकर मदद की। पथराव में चालक जसवंत सिंह, शिक्षक योगेश और उनका पुत्र पार्थ घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों को अस्पताल पहुंचाया।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
शिक्षक योगेश ने बेकरिया थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी है। पथराव के पीछे क्या कारण था, इसका फिलहाल पता नहीं चल पाया है। दिनदहाड़े और पुलिस थाने के इतने नजदीक स्कूली बस पर हुए हमले ने हाईवे की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस अज्ञात आरोपियों की तलाश में जुटी है।

