LOADING

Type to search

दीपोत्सव पर जगमगाई झीलों की नगरी

dharm

दीपोत्सव पर जगमगाई झीलों की नगरी

Share

उदयपुर, 7 नवम्बर :

मां लक्ष्मी की अगवानी को आतुर नगरी…!
उदयपुर, 7 नवम्बर:
झीलों की शांत लहरों और अरावली की गोद में बसा उदयपुर इन दिनों मानो तारों की छांव में उतर आया है। दीपोत्सव की आहट ने शहर की रातों को रंगों, रोशनी और उमंग से ऐसा भर दिया है कि हर रास्ता मां लक्ष्मी के स्वागत का संदेश देता दिखाई पड़ता है। बापू बाजार की व्यस्त सड़कें, जगदीश मंदिर का पावन परिसर, पुरानी बस्तियों की गलियां और उपनगरीय बाजार—सब झिलमिल झालरों की सुनहरी छतरी तले उत्सवमय हो उठे हैं।


जगदीश मंदिर की स्थापत्य गरिमा जब बहुरंगी रोशनी में नहाती है, तो श्रद्धा और सौंदर्य का अद्भुत संगम आंखों को ठहरने पर विवश कर देता है। वहीं बापू बाजार में सिर के ऊपर फैली अनगिनत लड़ियों के नीचे गुजरते वाहन, खरीदारी करते परिवार, बच्चों की उत्सुक निगाहें और दुकानों की सजावट दीपावली के जीवंत उत्साह को रूप देती है।
घर की चौखटों से लेकर विशाल बाजारों तक फैली सजावट एक ही संदेश दे रही है—अंधकार पर प्रकाश की विजय, मन में विश्वास, रिश्तों में स्नेह और आने वाले कल के लिए सुख-समृद्धि की उजली कामना।
यह केवल बिजली की चमक नहीं, बल्कि शहर के मन में जगता विश्वास है—समृद्धि आए, घर-आंगन खुशियों से भरें और हर चेहरा दीपक की लौ जैसा उजला रहे। पर्यटन नगरी उदयपुर इस समय सचमुच रोशनी की नगरी बनकर अपनी सांस्कृतिक आत्मा, आस्था और अपनत्व को जगमगाती रातों में बयां कर रही है। फोटो: राजेंद्र हिलोरिया

जगमगाई लेकसिटी

उदयपुर। इस दीपावली पर ऐसा सजा मानो अयोध्या में भगवान श्रीराम के वनवास से लौटने का दृश्य साकार हो उठा। हर जन के मन में श्रद्धा का उल्लास उस समय और बढ़ गया जब शहर के प्रवेश द्वार पर श्रीराम लला और श्रीनाथजी की झांकी के मनोहारी दर्शनों का सौभाग्य मिला। दर्शन के साथ ही भगवान श्रीराम के अयोध्या लौटने के प्रसंग को मन में आकार देते हुए जब शहरवासियों के कदम आगे बढ़े तो रोशनी के साथ पग-पग पर दीप पर्व का आनंद द्विगुणित होता गया। शहर के विभिन्न कोनों में सजी भगवान श्रीराम, रामभक्त हनुमान, राम दरबार की झांकियों ने शहर को राममय बना दिया। शहर का प्रमुख बापू बाजार मानो शहरवासियों के स्वागत में सतरंगी रोशनी को भी पछाड़ता दिखा। विद्युत सजावट के नए-नए प्रयोगों ने भी लोगों को लुभाया। बच्चे तो बच्चे, बड़ों की निगाहें भी रोशनी की दिशा में ही टिकी रहीं। सिर्फ परकोटे के भीतर वाला शहर ही नहीं, परकोटे के बाहर भी जर्रा-जर्रा जगमगाया। हर चौराहा दूसरे चौराहे से होड़ करता दिखा। हर चौराहे की सजावट अपने आप में अनूठी थी। यह भी अच्छा रहा कि हर जगह सेल्फी पॉइंट भी बनाए गए, इससे लोगों को यादों को सहेजने के लिए इधर-उधर जगह नहीं ढूंढ़नी पड़ी।
नाथद्वारा में आज दीपावली कल अन्नकूट
पुष्टिमार्गीय प्रधानपीठ श्रीनाथजी मंदिर, नाथद्वारा में दीपोत्सव और अन्नकूट पर्व को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मंदिर मंडल ने दोनों पर्वों के लिए विशेष दर्शन व्यवस्था और समय सारणी जारी की है।
दीपावली को दर्शन सुबह 4.45 बजे मंगला झांकी आरती से शुरू होंगे, जो 6 बजे तक रहेंगे। श्रृंगार दर्शन 7.30 से 9 बजे तक और राजभोग चावल की सेवा 11.15 से 1 बजे तक होगी। शाम 5.30 बजे गोशाला से गायें नाथूवास मार्ग होते हुए श्रीलालन के साथ सूरजपोल पधारेंगी, जहां “कान जगाई” की पारंपरिक रस्म निभाई जाएगी। इस अवसर पर गौ पूजन भी होगा। इसके बाद हटड़ी दर्शन 7 से 9 बजे और श्रीकृष्ण भंडार में लक्ष्मी पूजन रात 8.30 से 10 बजे तक होंगे।
अन्नकूट पर्व को मंगला दर्शन सुबह 5.45 से 7.15 बजे तक होंगे। दोपहर 2 बजे श्रीविठ्ठलनाथजी श्रीजी में पधारेंगे, जबकि 4.30 बजे गौ पूजन और गोवर्धन पूजा होगी। अन्नकूट दर्शन रात 9 से 11 बजे तक और लूट दर्शन 11 बजे से डेढ़ घंटे तक रहेंगे। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रवेश चौपाटी से लक्ष्मीनिवास धर्मशाला मार्ग से और निकासी मोतीमहल से होगी। अन्नकूट रात्रि दर्शन में महिलाओं का प्रवेश लक्ष्मीनिवास से और पुरुषों का प्रवेश सेठों के पायसा मार्ग से रहेगा।
भगवान महावीर स्वामी का 2553वां निर्वाण महोत्सव कल
श्री पार्श्वनाथ दिगंबर जैन मंदिर, सेक्टर-4 में 8 नवम्बर को जैन धर्म के 24वें तीर्थंकर एवं वर्तमान शासन नायक भगवान महावीर स्वामी का 2553वां निर्वाण महोत्सव मनाया जाएगा। अध्यक्ष ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 6 बजे मंदिर में पंचामृत अभिषेक एवं शांति धारा से होगी। इसी क्रम में प्रातः 7:30 बजे नागेन्द्रा भवन में भगवान महावीर की पूजा, निर्वाण कांड पाठ और निर्वाण लाडू चढ़ाया जाएगा। इसके पश्चात आचार्य के सान्निध्य में शोभायात्रा पार्श्वनाथ दिगंबर जैन मंदिर पहुंचेगी, वहां भगवान महावीर को निर्वाण लाडू अर्पित किया जाएगा।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *