LOADING

Type to search

उदयपुर में सरपंच चुनाव के नतीजे के बाद बवाल, 25 नामजद सहित 200 से अधिक पर मुकदमा

crime

उदयपुर में सरपंच चुनाव के नतीजे के बाद बवाल, 25 नामजद सहित 200 से अधिक पर मुकदमा

Share

उदयपुर, 8 नवंबर। खेरवाड़ा पंचायत समिति की नवाघरा ग्राम पंचायत में सरपंच चुनाव के नतीजे घोषित होने के बाद हुए पथराव, आगजनी और तोड़फोड़ के मामले में पुलिस ने 25 नामजद सहित 200 से अधिक लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। उपद्रव के दौरान स्कूल परिसर में आगजनी की गई, वाहनों में तोड़फोड़ हुई और पुलिसकर्मियों पर पथराव किया गया। घटना में चार पुलिसकर्मी घायल हुए थे।


थानाधिकारी रामसिंह चुंडावत के अनुसार, रिटर्निंग अधिकारी की रिपोर्ट में पुष्पा देवी भगोरा को विजयी घोषित किया गया था। रात करीब 10 बजे पुलिस ने उन्हें सुरक्षित उनके घर पहुंचा दिया था। इसके कुछ देर बाद मतगणना केंद्र के बाहर मौजूद 200 से 250 लोगों की भीड़ लाठी-डंडे, बड़े पत्थर और पेट्रोल लेकर वहां पहुंच गई। भीड़ ने मतगणना केंद्र में घुसने का प्रयास किया। हालात बिगड़ते देख केंद्र पर मौजूद कर्मचारियों ने खुद को एक कमरे में बंद कर लिया।
इसके बाद उपद्रवियों ने स्कूल के एक कमरे में पेट्रोल डालकर आग लगा दी। परिसर में खड़ी दो कारों, तीन बाइक और एक स्कूटी को नुकसान पहुंचाया। स्कूल की कुर्सियों, मेज, चार टेंट और जनरेटर में भी तोड़फोड़ की गई।
पुलिस वाहनों पर पथराव, चार जवान घायल
सूचना मिलने पर थानाधिकारी पांच पुलिसकर्मियों, रिजर्व पुलिस के 10 जवानों और अन्य जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने उपद्रवियों के बीच पहुंचकर स्थिति नियंत्रित करने का प्रयास किया, लेकिन आरोपियों ने पुलिस वाहनों पर पथराव कर दिया। इसमें एएसआई मुकेश कुमार, एएसआई लक्ष्मण लाल, एएसआई कासिम दुल्ला खान और सावता राम घायल हो गए। घटना की सूचना पर एएसपी मंजीत सिंह भी अतिरिक्त जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे और हालात संभाले।
पुलिस टीमें गठित, वीडियो से उपद्रवियों की पहचान
ऋषभदेव डीएसपी अर्जुनसिंह राठौड़ ने बताया कि मामले की जांच के लिए अलग-अलग पुलिस टीमें गठित की गई हैं। घटना के वीडियो जुटाकर उनके आधार पर उपद्रवियों की पहचान की जा रही है। कुछ संदिग्धों को डिटेन कर पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।

Tags:

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *