दीपावली की आतिशबाजी से बिगड़ी उदयपुर की आबोहवा, दो साल में AQI 33 अंक बढ़ा
Share
उदयपुर, 8 नवम्बर। झीलों की नगरी उदयपुर अपनी स्वच्छ आबोहवा और प्राकृतिक खूबसूरती के लिए देशभर में पहचान रखती है, लेकिन दीपावली पर आतिशबाजी का शौक शहर की हवा को लगातार प्रदूषित कर रहा है। राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण मंडल के पांच साल के आंकड़े बताते हैं कि वर्ष 2023 से 2025 के बीच दीपावली के दिन शहर का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 193 से बढ़कर 226 तक पहुंच गया। यानी दो साल में AQI में 33 अंकों की बढ़ोतरी हुई। इस बार प्रदूषण की स्थिति पर नजर रखने के लिए मंडल ने शहर में पांच स्थानों पर विशेष निगरानी अभियान शुरू किया है।

पांच साल के आंकड़ों पर नजर डालें तो वर्ष 2021 में दीपावली के दौरान उदयपुर में सर्वाधिक प्रदूषण दर्ज किया गया था। उस साल दीपावली से पहले AQI 148 था, जो त्योहार के दिन बढ़कर 315 तक पहुंच गया। इसके बाद यह 273 दर्ज हुआ। वर्ष 2022 में स्थिति में सुधार देखने को मिला। दीपावली से पहले AQI 116, त्योहार के दिन 194 और बाद में 109 रहा। वर्ष 2023 में दीपावली से पहले AQI 88 दर्ज किया गया, जो पांच साल में सबसे कम था। हालांकि त्योहार के दिन यह बढ़कर 193 और बाद में 152 हो गया।
इसके बाद प्रदूषण का स्तर फिर बढ़ने लगा। वर्ष 2024 में दीपावली से पहले AQI 137, त्योहार के दिन 211 और बाद में 135 दर्ज हुआ। वहीं वर्ष 2025 में दीपावली से पहले AQI 119 था, जो त्योहार के दिन बढ़कर 226 तक पहुंच गया। दीपावली के बाद भी यह घटकर 161 ही हो पाया।
त्योहार के बाद भी हवा में बना रहा प्रदूषण
आंकड़ों का सबसे चिंताजनक पहलू दीपावली के बाद हवा की गुणवत्ता में अपेक्षित सुधार नहीं होना है। वर्ष 2023 में त्योहार के बाद AQI 152 और 2024 में 135 दर्ज हुआ था, लेकिन 2025 में यह 161 पर बना रहा। इससे स्पष्ट है कि आतिशबाजी के बाद भी प्रदूषण का असर शहर की आबोहवा पर बना रहा।
पांच स्थानों पर हवा की गुणवत्ता की जांच
बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण मंडल ने इस बार 1 से 8 नवंबर तक विशेष निगरानी अभियान शुरू किया है। इसके तहत क्षेत्रीय कार्यालय, टाउनहॉल, सेटेलाइट हॉस्पिटल, वाटर ट्रीटमेंट प्लांट और ईएसआईसी हॉस्पिटल सहित पांच प्रमुख स्थानों पर वायु गुणवत्ता की जांच की जा रही है। यहां पीएम-10, पीएम-2.5, सल्फर डाइऑक्साइड (SO2) और नाइट्रोजन ऑक्साइड (NOx) जैसे प्रदूषकों के स्तर की निगरानी होगी। इसके अलावा अशोक नगर स्थित आरएनटी मेडिकल कॉलेज और हिरण मगरी सेक्टर-6 स्थित सेटेलाइट अस्पताल में भी वायु गुणवत्ता के मानकों की जांच की जा रही है।
शोर के स्तर की भी होगी निगरानी
वायु प्रदूषण के साथ-साथ आतिशबाजी से होने वाले ध्वनि प्रदूषण पर भी नजर रखी जाएगी। इसके लिए सूरजपोल गेट, एमबी हॉस्पिटल और अंबामाता क्षेत्र का चयन किया गया है। इन स्थानों पर शाम 6 बजे से रात 12 बजे तक ध्वनि स्तर रिकॉर्ड किया जाएगा। इससे दीपावली के दौरान आतिशबाजी से होने वाले वायु और ध्वनि प्रदूषण की वास्तविक स्थिति का आकलन किया जा सकेगा।







