थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों को बिना फिल्टर चढ़ाया जा रहा खून
Share
स्वास्थ्य प्रतापगढ़ जिला अस्पताल में ब्लड फिल्टर डिवाइस की कमी पर परिजनों का आक्रोश, 58 दिन से धरने पर बैठे कमल मीणा
प्रतापगढ़, 12 नवम्बर (रियाज मंसूरी): प्रतापगढ़ जिला चिकित्सालय में थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों के उपचार को लेकर गंभीर लापरवाही के आरोप सामने आए हैं। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में ब्लड फिल्टर डिवाइस उपलब्ध नहीं होने के बावजूद बच्चों को खून चढ़ाया जा रहा है। इसके बाद कई बच्चों की तबीयत बिगड़ गई। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन से इस संबंध में सवाल उठाए, लेकिन उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिला। मामले ने अस्पताल की चिकित्सा व्यवस्थाओं और मरीजों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
डिवाइस के लिए अधिकारियों को लिख चुके, अब आप लड़ाई लड़ें
परिजनों के अनुसार ब्लड चढ़ाने के दौरान आवश्यक फिल्टर डिवाइस उपलब्ध नहीं होने पर उन्होंने चिकित्सक से जवाब मांगा। इस पर चिकित्सक ने कथित तौर पर कहा कि डिवाइस उपलब्ध कराने के लिए कई बार उच्च अधिकारियों को पत्र लिखे जा चुके हैं, लेकिन अब तक व्यवस्था नहीं हुई। साथ ही उन्होंने इसे परिजनों की लड़ाई बताते हुए स्वयं प्रयास करने की बात कही। इस जवाब से परिजनों में नाराजगी है। उनका सवाल है कि जब अस्पताल प्रबंधन को उपकरण की कमी की जानकारी थी तो समय रहते व्यवस्था क्यों नहीं की गई।
58 दिन से धरना, हजारों लोगों के हस्ताक्षर वाले बैनर

जिला चिकित्सालय की व्यवस्थाओं में सुधार की मांग को लेकर कमल मीणा पिछले 58 दिनों से धरना दे रहे हैं। उनके नेतृत्व में मरीजों और परिजनों से हस्ताक्षर अभियान भी चलाया जा रहा है। अस्पताल परिसर में हजारों लोगों के हस्ताक्षर वाले बैनर लगाए गए हैं। कमल मीणा का आरोप है कि अधिकारी और जनप्रतिनिधि इन बैनरों को देखने के बावजूद समस्याओं पर ध्यान नहीं दे रहे हैं। अस्पताल की बदहाली को लेकर प्रधानमंत्री, गृहमंत्री, मुख्यमंत्री और चिकित्सा मंत्री के नाम पोस्टकार्ड भी भेजे जा रहे हैं।
सीएमएचओ और पीएमओ की चुप्पी पर सवाल
मामले में सीएमएचओ और पीएमओ से पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन उनकी ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। फिल्टर डिवाइस की अनुपलब्धता, बच्चों की बिगड़ती तबीयत और लंबे समय से जारी धरने के बावजूद समाधान नहीं होने को लेकर स्वास्थ्य विभाग की जवाबदेही पर सवाल उठ रहे हैं।







