मतगणना के बाद पुलिस टीम और पोलिंग बूथ पर पथराव, 8 आरोपी गिरफ्तार
Share
मंडवाल में विजयी सरपंच का विरोध कर किया था पथराव और तोड़फोड़; सभी आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा
उदयपुर, 13 नवम्बर: कोटड़ा थाना क्षेत्र के मंडवाल में सरपंच चुनाव की मतगणना के बाद पोलिंग बूथ और पुलिस टीम पर पथराव करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फरार चल रहे आठ नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने मतगणना के बाद विजयी घोषित सरपंच का विरोध करते हुए पोलिंग बूथ, पुलिस मोबाइल पार्टी और पोलिंग पार्टी की बस पर पत्थर फेंके थे। इस दौरान सरकारी संपत्ति को भी नुकसान पहुंचाया गया था।
अलग-अलग ठिकानों पर दबिश देकर पकड़ा
पुलिस के अनुसार घटना के संबंध में कोटड़ा थाने में प्रकरण संख्या 170/2026 भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं और पीडीपीपी एक्ट के तहत दर्ज किया गया था। मामले में फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस ने संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी। इसके बाद आठ नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
न्यायिक अभिरक्षा में भेजे गए आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों में मंडवाल निवासी कनकमल (20), नोलिया (65), सोहनलाल (40), प्रवीण कुमार (27), भमरू (42), मालाराम (53) और राकेश (22) शामिल हैं। वहीं, गूर्जा निवासी नूराराम (32) को भी गिरफ्तार किया गया है। सभी को अवकाशकालीन न्यायालय उदयपुर में पेश किया गया, जहां से न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
अन्य आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुकुल शर्मा और वृत्ताधिकारी डूंगर सिंह चुंडावत के सुपरविजन में थानाधिकारी प्रभुलाल के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई की। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।







