LOADING

Type to search

प्रतापगढ़ जिला चिकित्सालय में खुले में मेडिकल कचरा, व्यवस्थाओं पर उठे सवाल

crime

प्रतापगढ़ जिला चिकित्सालय में खुले में मेडिकल कचरा, व्यवस्थाओं पर उठे सवाल

Share

सोनोग्राफी सेंटर के बाहर एक्सपायरी दवाइयां और इस्तेमाल की गई ब्लड बैग बिखरी मिलीं; सुधार की मांग कर रहे प्रदर्शनकारी के पोस्टर हटाने और धमकी देने का वीडियो भी वायरल


प्रतापगढ़, 13 नवम्बर (रियाज मंसूरी):
जिला चिकित्सालय में व्यवस्थाओं को लेकर उठ रहे सवालों के बीच अब सोनोग्राफी सेंटर के बाहर खुले में पड़ा मेडिकल कचरा सामने आया है। यहां एक्सपायरी दवाइयां, इंजेक्शन, ड्रिप सेट, इस्तेमाल की गई ब्लड बैग और अन्य चिकित्सकीय सामग्री बिखरी मिली। अस्पताल परिसर में इस तरह का कचरा मिलने से मरीजों और उनके परिजनों की सुरक्षा तथा जैव चिकित्सा अपशिष्ट के निस्तारण की व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
यह मामला थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों को रक्त चढ़ाने के दौरान फिल्टर उपलब्ध नहीं होने से उनकी तबीयत बिगड़ने की घटना के बाद सामने आया है। सोनोग्राफी सेंटर के बाहर नाले और झाड़ियों के आसपास भी गंदगी पसरी हुई है। ऐसे में संक्रमण की आशंका को लेकर चिंता जताई जा रही है।
पीएमओ बोले- देखकर दूंगा वक्तव्य
मेडिकल कचरा खुले में पड़े होने के संबंध में प्रमुख चिकित्सा अधिकारी (पीएमओ) से बात की गई तो उन्होंने कहा कि उन्होंने अभी तक यह नहीं देखा है कि दवाइयां कहां फेंकी गई हैं। मौके पर देखकर ही इस बारे में वक्तव्य देंगे। ऐसे में अब यह देखना होगा कि अस्पताल प्रशासन इस मामले की जांच कर कचरे के सुरक्षित निस्तारण और जिम्मेदारी तय करने के लिए क्या कदम उठाता है।
हस्ताक्षर अभियान के पोस्टर हटाने का वीडियो वायरल
दूसरी ओर अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार की मांग को लेकर कमल मीणा पिछले सात दिनों से धरना दे रहे हैं। उनके समर्थन में मरीजों और परिजनों से हस्ताक्षर करवाकर उनकी समस्याएं दर्ज की जा रही हैं। आरोप है कि अस्पताल परिसर में लगाए गए हस्ताक्षर अभियान के पोस्टर हटवा दिए गए। इस दौरान सामने आए एक वीडियो में पोस्टर हटाते दिख रहा व्यक्ति प्रदर्शनकारी के प्रति अभद्र भाषा का इस्तेमाल करता और दोबारा पोस्टर लगाने पर जान से मारने की धमकी देता सुनाई दे रहा है। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। हालांकि, संबंधित व्यक्ति की पहचान और धमकी के आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *