LOADING

Type to search

700 साल पुराना सोने का सिक्का, सात लाख की मुगलकालीन मुद्रा भी प्रदर्शनी में

Local

700 साल पुराना सोने का सिक्का, सात लाख की मुगलकालीन मुद्रा भी प्रदर्शनी में

Share

अकबर का चार आना, जहांगीर का सिक्का और महारानी विक्टोरिया का चांदी का रुपया बने आकर्षण; दुर्लभ वस्तुओं का तीन दिवसीय मेला शुरू
उदयपुर, 13 नवम्बर:
इतिहास के पन्नों में दर्ज मुगलकालीन और ब्रिटिश दौर की मुद्राएं अब एक ही छत के नीचे देखने को मिल रही हैं। कहीं करीब 700 साल पुराना सोने का सिक्का है तो कहीं सात लाख रुपए कीमत का बताया जा रहा दुर्लभ सिक्का। अकबर का चार आना, शाहजहां का चांदी का रुपया और महारानी विक्टोरिया का सिक्का भी लोगों के आकर्षण का केंद्र बने हैं। 100 फीट रोड स्थित अशोका ग्रीन में शुक्रवार से तीन दिवसीय मुद्रा एवं दुर्लभ संग्रहणीय वस्तुओं की प्रदर्शनी शुरू हुई।
मुगलकालीन सिक्कों का खास संग्रह
प्रदर्शनी में मारवाड़ के सुल्तान का करीब 700 साल पुराना सोने का सिक्का और बादशाह शाह आलम का सात लाख रुपए कीमत का बताया जा रहा सिक्का खास आकर्षण हैं। इसके अलावा आगरा में बना अकबर का सिक्का, लाहौर में ढाला गया उसका चार आना, जहांगीर का सिक्का और शाहजहां के शासनकाल का चांदी का रुपया भी प्रदर्शित किया गया है। मैसूर के कृष्णराज वाडियार काल का सोने का सिक्का और महारानी विक्टोरिया का चांदी का सिक्का भी यहां मौजूद हैं।
सिक्कों के साथ पुराने ताले और बर्तन भी
आयोजक संदीप जैन ने बताया कि गुजरात, दक्षिण भारत, हरियाणा, मध्यप्रदेश और पंजाब सहित विभिन्न राज्यों से संग्रहकर्ता पहुंचे हैं। उनके पास करीब 200 सोने और 1000 चांदी के दुर्लभ सिक्कों का संग्रह है। प्रदर्शनी में ब्रिटिशकालीन मेडल, प्राचीन बर्तन, पानी में तैरने वाले विशेष पत्थर और मेवाड़ सहित विभिन्न रियासतों के पुराने ताले भी रखे गए हैं। दर्शक वस्तुओं का इतिहास जानने के साथ पसंदीदा वस्तुओं की खरीद-बिक्री भी कर सकते हैं।
पुराने सिक्कों के नाम पर ठगी से रहें सावधान
इंदौर से आए संग्रहकर्ता विजेश सोनी ने बताया कि पुराने नोटों और सिक्कों के बदले करोड़ों रुपए मिलने का लालच देकर ठगी की जा रही है। ट्रैक्टर की तस्वीर वाले नोट या वैष्णोदेवी वाले विशेष सिक्के के बदले एक करोड़ रुपए देने का झांसा दिया जाता है। पहले पंजीकरण और फिर टैक्स के नाम पर रकम वसूलकर ठग संपर्क तोड़ लेते हैं। उन्होंने लोगों को ऐसे प्रस्तावों से सावधान रहने की सलाह दी।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *