वीआरएस के बाद भी नहीं छोड़ा मरीजों का साथ, रोज 150 लोगों का मुफ्त इलाज
Share
बांसवाड़ा में डॉक्टर की जनसेवा: डॉ. मुनव्वर हुसैन ने जनसेवा के लिए सरकार को सौंपा 2200 वर्ग फीट का निजी भवन, रखरखाव और अतिरिक्त स्टाफ पर हर माह खर्च करते हैं 50 हजार रुपए
बांसवाड़ा, 13 नवम्बर: सरकारी नौकरी से वीआरएस लेने के बाद भी बांसवाड़ा के डॉ. मुनव्वर हुसैन मरीजों की सेवा में जुटे हैं। उन्होंने अपना करीब 2200 वर्ग फीट का निजी भवन राज्य सरकार को जनता क्लिनिक के संचालन के लिए सौंप दिया। मधुबन कॉलोनी स्थित इस क्लिनिक में रोजाना 100 से 150 मरीजों का निशुल्क उपचार किया जा रहा है। भवन के रखरखाव और दो अतिरिक्त कर्मचारियों पर वे हर महीने करीब 50 हजार रुपए खर्च करते हैं।
वीआरएस के बाद जनसेवा को बनाया उद्देश्य
डॉ. हुसैन वर्ष 1990 से चिकित्सा सेवाएं दे रहे हैं। वर्ष 2012 में उन्होंने माता-पिता की इच्छा का सम्मान करते हुए सरकारी नौकरी से वीआरएस लिया। इसके बाद जरूरतमंदों को उपचार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अपना भवन सरकार को सौंप दिया।
सरकारी स्टाफ के साथ दो कर्मचारी अपने स्तर पर रखे
क्लिनिक में चिकित्सा विभाग की ओर से छह कर्मचारियों का स्टाफ उपलब्ध कराया गया है। मरीजों के पंजीकरण और दवा वितरण की व्यवस्था बेहतर रखने के लिए डॉ. हुसैन ने दो अतिरिक्त कर्मचारी नियुक्त किए हैं। वे फिजिशियन और डायबिटीज विशेषज्ञ हैं। प्रतिदिन सुबह 7 से दोपहर 12 बजे तक मरीजों का उपचार करते हैं। यहां बीपी, शुगर और हृदय संबंधी समस्याओं के मरीज अधिक आते हैं।
कोरोना काल में टीकाकरण में भी योगदान
डॉ. हुसैन ने अंबाबाड़ी डिस्पेंसरी में करीब ढाई साल तक सेवाएं देते हुए 85 हजार से अधिक लोगों के टीकाकरण में सहयोग किया। महामारी के दौरान जरूरतमंद परिवारों को राशन भी उपलब्ध कराया। वे इंडियन रेडक्रॉस के माध्यम से वागड़ में अंगदान के प्रति जागरूकता अभियान चला रहे हैं। उनका कहना है कि डॉक्टर का काम केवल कमाई करना नहीं, बल्कि जरूरतमंदों की तकलीफ कम करना भी है।







