राजीव गांधी को धनोल गांव तक ले जाने वाले पूर्व सरपंच सोमा राम पारगी का निधन
Share
1985 में आदिवासियों की बदहाली दिखाने के लिए तीन किलोमीटर पैदल चलवाया था काफिला, अंतिम विदाई में उमड़े हजारों लोग
उदयपुर, 13 नवम्बर (फूलशंकर डामोर): खेरवाड़ा तहसील के धनोल (छाणी) गांव के आदिवासियों को आज भी उम्मीद है कि एक दिन फिर कोई 10 जनपथ, नई दिल्ली से आएगा और उनके दुख-दर्द सुनेगा। इस उम्मीद को जगाने वाले पूर्व सरपंच सोमा राम पारगी अब दुनिया में नहीं रहे। उनके निधन पर हजारों ग्रामीणों ने नम आंखों से अंतिम विदाई दी।
एक जिद, जिसने गांव को दिलाई पहचान
8 अगस्त 1985 को तत्कालीन प्रधानमंत्री राजीव गांधी, सोनिया गांधी और कृषि मंत्री बूटा सिंह खेरवाड़ा के कनबई दौरे पर आए थे। सोमा राम पारगी की जिद पर उन्हें धनोल गांव के दुर्गम रास्तों से आदिवासी परिवारों की गरीबी और बदहाली दिखाने ले जाया गया। करीब तीन किलोमीटर तक कंकड़-पत्थर और कीचड़ भरे रास्ते पर पैदल चलकर काफिला गांव पहुंचा।
आदिवासी परिवार के घर चखी थी रोटी
गांव में भूराभाई आदिवासी के घर सोनिया गांधी ने कांगणी-बरटी की रोटी चखी। राजीव गांधी ने रोटी और घास की पुहाड़ की सब्जी देखकर आश्चर्य जताया था कि क्या देश में लोग ऐसा भोजन करते हैं। इस यात्रा के बाद इंदिरा आवास योजना, सस्ता अनाज, जीवनधारा और कुटीर योजना जैसी योजनाओं की घोषणाओं का उल्लेख भी ग्रामीणों की स्मृतियों में है।
यादों में रहेंगे पारगी
दुर्गम रास्ते में बूटा सिंह के गिरने और वरिष्ठ पत्रकार शीला कौर की चप्पल टूटने का प्रसंग भी लोग याद करते हैं। बताया जाता है कि पारगी ने नए चप्पल उपलब्ध करवाए थे। ग्रामीण उन्हें गांव की आवाज देश के शीर्ष नेतृत्व तक पहुंचाने वाले व्यक्ति के रूप में याद करते हैं। अंतिम यात्रा में पूर्व सरपंच दौलत राम मीणा और भाजपा मंडल अध्यक्ष हेमंत जोशी सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।







