निमोनिया से बचाव को चलेगा सांस अभियान
Share
12 नवम्बर से 28 फरवरी तक घर-घर होगी बच्चों की जांच, 15 से 21 नवम्बर तक राष्ट्रीय नवजात सप्ताह
उदयपुर, 13 नवम्बर: पांच वर्ष तक के बच्चों को निमोनिया से बचाने और समय पर उपचार सुनिश्चित करने के लिए जिले में 12 नवम्बर से 28 फरवरी तक सांस (SAANS) अभियान चलाया जाएगा। ‘निमोनिया नहीं तो बचपन सही’ थीम पर आयोजित अभियान में घर-घर बच्चों की जांच और अभिभावकों को जागरूक किया जाएगा।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अशोक आदित्य ने बताया कि जिला, ब्लॉक और ग्राम स्तर पर चिकित्सा अधिकारियों, एएनएम, सीएचओ और आशा सहयोगिनियों को अभियान के लिए प्रशिक्षित किया जाएगा।
तेज सांस और छाती धंसने पर विशेष नजर
जिला प्रजनन एवं शिशु स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राकेश गुप्ता ने बताया कि आशा सहयोगिनियां घर-घर जाकर बच्चों की सांस की गति जांचेंगी। तेज सांस चलने और छाती धंसने जैसे लक्षणों की पहचान कर गंभीर बच्चों को तत्काल अस्पताल रेफर किया जाएगा। सभी चिकित्सा संस्थानों में जरूरी दवाइयां, जांच उपकरण और उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित होगी। स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से खांसी, बुखार, सांस लेने में परेशानी, दूध नहीं पीने या अत्यधिक सुस्ती जैसे लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करने की अपील की है।
21 नवम्बर तक नवजात सप्ताह
15 से 21 नवम्बर तक राष्ट्रीय नवजात सप्ताह मनाया जाएगा। इसमें जन्म के तुरंत बाद स्तनपान, छह माह तक केवल मां का दूध, नवजात को गर्म रखने, स्वच्छता, संक्रमण से बचाव और नियमित टीकाकरण के प्रति जागरूक किया जाएगा।







