डूंगरपुर में झील में गिरी कार व बाइक, एक युवक की मौत
Share
उदयपुर, 4 नवम्बर: दक्षिण राजस्थान में सोमवार देर रात से मंगलवार तड़के तक दो अलग-अलग सड़क हादसों में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरे हादसे में चालक की सूझबूझ से उसकी जान बच गई। दोनों घटनाएं पानी से भरे क्षेत्रों में हुईं, जहां वाहन अनियंत्रित होकर झील और एनीकट में गिर गए।
डूंगरपुर शहर के बादल महल रिंग रोड पर सोमवार देर रात एक भीषण हादसा हुआ। बाइक और कार के बीच टक्कर के बाद दोनों वाहन गेपसागर झील में जा गिरे। हादसे में बाइक सवार युवक रोशन (26) पुत्र भगवती शंकर हरसोत, निवासी पिंडावल की डूबने से मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त अमन जैन और कार सवार युवक को लोगों ने डूबने से बचा लिया।
पुलिस के अनुसार रोशन डूंगरपुर में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था और अपने परिवार का इकलौता बेटा था। सोमवार शाम वह लाइब्रेरी से पढ़ाई कर घर लौट रहा था, तभी यह हादसा हुआ। रिंग रोड पर मौजूद लोगों ने तुरंत मदद की और अमन जैन व कार चालक को बाहर निकाला, लेकिन रोशन गहरे पानी में डूब गया। गोताखोरों की सहायता से शव बाहर निकाला गया। पुलिस ने शव को जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया और बताया कि हादसे की वजह अंधेरा और तेज रफ्तार हो सकती है।

इधर, मातृकुंडिया एनीकट में गिरी कार, चालक की सूझबूझ से बची जान
udr chr 01
चित्तौड़गढ़ जिले के राशमी थाना क्षेत्र के मातृकुंडिया एनीकट पर मंगलवार सुबह एक कार पानी में गिर गई। हादसे में कपड़ा व्यापारी मुकेश जैन, निवासी पोटला, ने दरवाजा खोलकर अपनी जान बचा ली। वे रोज की तरह अपनी दुकान खोलने के लिए राशमी जा रहे थे।
बांध के गेट खुले होने से एनीकट पर तेज बहाव था। इसी दौरान कार का संतुलन बिगड़ गया और वह पानी में जा गिरी। मुकेश जैन ने तत्काल दरवाजा खोलकर बाहर निकलने में सफलता पाई। उनकी आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और क्रेन की मदद से कार को बाहर निकाला। ग्रामीणों ने बताया कि मातृकुंडिया एनीकट पर इस तरह के हादसे अक्सर होते हैं। तेज बहाव और बैरिकेडिंग के अभाव में चालक रास्ता नहीं देख पाते, जिससे वाहन सीधे पानी में चले जाते हैं। उन्होंने प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने की मांग की है।
